एक तरफ ‘स्वार्थ का परिवार’ है तो दूसरी तरफ ‘मोदी का परिवार’-योगी

बरेली । पूरे देश में एक ही आवाज है-फिर एक बार मोदी सरकार, लेकिन यह गूंज अचानक नहीं सुनाई दे रही है। इसके पीछे दस वर्ष तक लगातार की गई मोदी जी की मेहनत है। उन्होंने देश की छवि को वैश्विक मंच पर नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने का कार्य किया, इसलिए उनके प्रति कृतज्ञता ज्ञापित करने के लिए भारतवासी एक स्वर में यह वाक्य बोल रहे हैं। मोदी जी के नेतृत्व में भारत विकास की नई बुलंदियों को छू रहा है। 2024 का चुनाव मोदी जी के प्रति भारत वासियों के लिए कृतज्ञता ज्ञापित करने का अवसर है। इस चुनाव में एक तरफ ‘स्वार्थ का परिवार’ है तो दूसरी तरफ ‘मोदी का परिवार‘ है।
उक्त बातें मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहीं। उन्होंने बरेली से भारतीय जनता पार्टी के लोकसभा प्रत्याशी छत्रपाल सिंह गंगवार व आंवला से भाजपा प्रत्याशी धर्मेंद्र कश्यप के समर्थन में मंगलवार को प्रबुद्ध सम्मेलन को संबोधित किया। सीएम ने कहा कि इस चुनाव में एक तरफ दंगा व कर्फ्यू पॉलिसी देने वाले लोग हैं तो दूसरी तरफ बेहतर सुरक्षा का वातावरण देने वाली मोदी सरकार है। एक तरफ माफियाराज को प्रश्रय देने वाले हैं तो दूसरी तरफ कानून का राज स्थापित करने वाली भाजपा सरकार है। एक तरफ चुनाव में भ्रष्टाचार को बढ़ावा देने वाले इंडी गठबंधन के लोग हैं तो दूसरी तरफ भ्रष्टाचार पर जीरो टालरेंस की नीति पर कार्य करने वाली मोदी सरकार है। एक तरफ ‘स्वार्थ का परिवार’ है तो दूसरी तरफ 140 करोड़ का ‘मोदी का परिवार’ है। एक तरफ जातिवाद है तो दूसरी तरफ कल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से हर गरीब को शासन की योजनाओं का लाभ देने वाले लोग हैं। 
सीएम ने कहा कि गरीब कल्याणकारी योजनाओं का कोई सानी नहीं है। कृषि सिंचाई योजना, कृषि बीमा योजना, किसान सम्मान निधि के माध्यम से अन्नदाता किसानों के जीवन में व्यापक परिवर्तन हुआ। पीएम स्टार्ट अप, पीएम स्टैंड अप, रोजगार के लिए पीएम विश्वकर्मा योजना चलाई गई। हस्तशिल्पी व कारीगरों के उन्नयन के लिए योजनाएं चलीं। महिलाओं के कल्याण के लिए मातृ वंदना, मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना से लेकर सामूहिक विवाह जैसी योजनाओं के माध्यम से परिवर्तन देखने को मिला है। 
सीएम ने कहा कि देश-प्रदेश के हर एक क्षेत्र में परिवर्तन हुआ है। मोदी ने विकसित भारत का संकल्प दिया है। विकसित भारत का मतलब हर व्यक्ति के चेहरे पर खुशहाली, हर नौजवान को रोजगार, हर किसान के खेत में पानी, हर व्यापारी को सुरक्षा हो। विकसित भारत ग्लोबल लीडर के रूप में दुनिया को नेतृत्व देने वाला हो। विकसित भारत के लिए तीसरी बार मोदी जी को अवसर दिया जाना है। विकसित भारत के लिए विकसित उप्र, विकसित उप्र के लिए विकसित बरेली और विकसित बरेली के लिए भाजपा आवश्यक है। 

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *