अबकी बार 400 पार होंगे पेट्रोल के दाम, यादवेंद्र का BJP पर सटायर, ज्योतिरादित्य को भी लिया घेरे में

गुना ।    गुना-शिवपुरी संसदीय क्षेत्र से कांग्रेस प्रत्याशी राव यादवेंद्र सिंह यादव ने ज्योतिरादित्य सिंधिया पर एक बार फिर जोरदार निशाना साधा है। भाजपा नेताओं द्वारा ज्योतिरादित्य के 6 लाख से ज्यादा वोटों से जीतने के दावे पर राव यादवेंद्र सिंह यादव ने कहा कि वर्ष 2019 में भी वे कहते थे कि 6 लाख वोटों से जीतेंगे लेकिन जब रिजल्ट आए तो सबको पता चल गया क्या हुआ। कांग्रेस प्रत्याशी ने शिवपुरी के कलेक्टर कार्यालय पहुंचकर अपना नाम निर्देशन पत्र भरा। नाम निर्देशन पत्र भरते समय उनके साथ कांग्रेस विधायक जयवर्धन सिंह मौजूद थे। पत्रकारों ने जब भाजपा के अबकी बार 400 पार जैसे नारे के बारे में सवाल किया तो राव यादवेंद्र सिंह यादव ने तंज कसते हुए कहा कि भाजपा पेट्रोल के दामों को अबकी बार 400 पार जाने की बात कह रही है। उन्होंने दावा किया कि भाजपा का 400 पार से मतलब अबकी बार पेट्रोल के दाम 400 पार हो जाएंगे से है। उन्होंने कहा कि महंगाई को लेकर भाजपा को कोई चिंता नहीं है, आम आदमी का जीना दूभर हो गया है।

ज्योतिरादित्य सिंधिया पर निशाना साधते हुए यादवेंद्र ने कहा कि वे कई सालों से इस क्षेत्र से सांसद रहे लेकिन अब तक यहां किसानों के लिए नहर नहीं है, सिंचाई की कोई अन्य सुविधा भी नहीं है। रोजगार देने के लिए उद्योग-धंधे नहीं हैं। कई वर्षों तक इनके परिवार के लोग सांसद रहे लेकिन इस क्षेत्र की जनता को क्या मिला। उन्होंने कहा कि वे इन्हीं सब मुद्दों के साथ चुनाव मैदान में जाएंगे। उन्होंने दावा किया कि उनके साथ जनता का आशीर्वाद है और वे चुनाव जीतेंगे।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *