कूनो में खुले रिसोर्ट, आदिवासी युवा बने वेटर और गाइड

भोपाल। 75 साल बाद भारत में लाए गए चीतों ने क्या बदला. कहने को कह सकते हैं कुछ नहीं, लेकिन जमीनी हकीकत नकारात्मक बिलकुल नहीं है, कम से कम उस क्षेत्र की जहां चीतों का बसेरा है। देश की अति पिछड़ी विशिष्ट जनजाति सहरिया के कारण पांचवीं अनुसूची में शामिल श्योपुर जिले के कराहल ब्लाक का नाम पहले कुपोषण और पेयजल समस्या का पर्याय था। अब यह भारत में चीता के घर के रूप में जाना जाता है।
कूनो पतझड़ वन कहलाता है। यहां जितने नीरस वन दिखाई दे रहे हैं उतने ही लोकसभा चुनाव लेकिन स्थानीय मुद्दों पर आदिवासी समाज मुखर होकर बात करता है। पिछले लोकसभा चुनाव में इस क्षेत्र से अधिकांश आदिवासी वोट कांग्रेस को गए थे इस बार मामला इतना सीधा नहीं है उसके दो कारण है एक तो चीता प्रोजेक्ट के कारण हो रहा स्थानीय विकास और दूसरा केंद्रीय योजनाओं का आदिवासियों को मिल रहा लाभ।
कराहल ब्लाक के सेसईपुरा कस्बे से होते हुए टिकटौली गांव के द्वार से ही कूनो नेशनल पार्क में सफारी के लिए पर्यटक प्रवेश करते हैं। डेढ़ साल पहले पीएम नरेन्द्र मोदी जब चीतों को यहां छोडऩे पहुंचे तब यहां सडक़ भी बन गई। इसके कारण कूनो पार्क के अलावा इन गांवों तक पहुंचना भी आसान हो गया है। मोरावन गांव में कच्चे घरों के बीच शानदार रिसोर्ट दिखाई दिया द पालपुर फोर्ट रिसार्ट। थोड़ी दूरी पर ही नदी किनारे कूनो जंगल रिसार्ट बना हुआ है। पालपुर रिसार्ट मैनेजर महेश शर्मा से सपाट सवाल पूछा- चीतों के आने से यहां कुछ बदला है या नहीं? जवाब आया- बहुत बदला है। इस रिसार्ट में माली, वेटर से लेकर अधिकांश कर्मचारी इन्हीं गांवों के युवा ही हैं जिन्हें प्रशिक्षण दिया गया है। महेश कहते हैं- बड़े शहरों के लोग आकर चूल्हे पर तैयार भोजन की मांग करते हैं तो आसपास गांव की ही आदिवासी महिलाओं को बुलाया जाता है। सफारी के दौरान फिलहाल चीता देखने नहीं मिल रहा इसलिए अभी उतना बूम नहीं है, लेकिन अक्टूबर से सीजन आएगा।
टिकलौटी गेट की ओर बढ़े तो देखा कि आवागमन बढ़ा तो गांव के आदिवासी युवाओं ने स्वरोजगार की राह पकड़ ली है। सडक़ किनारे छोटी-छोटी दुकानें खोलकर उसमें ब्रांडेंड पानी, शीतय पेय और पर्यटकों के उपयोगी सामान रख लिए हैं। गांव में घरों के सामने सडक़ के नीचे बाहर निकली नीली पाइप लाइन दिखाई दे रही है, यह केंद्र की नल-जल योजना के पहुंचने की गवाही देती है। वायरलेस आपरेटर, चीता ट्रैकिंग टीम, गाइड के रूप में करीब 100 स्थानीय युवक काम कर रहे हैं। गांव मोरावन के रामेश्वर गुर्जर ने कुछ समय पहले ही सफारी के लिए जिप्सी खरीदी है। रामेश्वर बताते हैं ऐसे दस लोगों ने जिप्सी खरीद ली है। जब पूछा-कमाई होती है? तब निराश भाव से कहते हैं चीता सफारी शुरू नहीं हो पाई है।
सेसईपुरा में चाय की दुकान पर टिकटौली सरपंच धनीराम कहते हैं अच्छी बात यह हुई कि हमारे घर पक्के हो गए,हर महीने राशन भी मिल जाता है। अब बच्चे स्कूल जा रहे हैं। कभी पलायन बंद होगा? बोले -नहीं क्योंकि नेशनल पार्क के कारण खेती की जमीन है नहीं तो दूसरे जिलों में एक-माह के लिए काम करने जाना ही होता है। दुकान संचालक केशव शर्मा कहते हैं आसपास की जो जमीन 20 हजार बीघा मिलती थी अब 20 लाख में भी नहीं मिल रही।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *