कांग्रेस को पाकिस्तानी समर्थन से साफ ‘कांग्रेस का हाथ, देश के दुश्मनों के साथ’-योगी 

लखनऊ । मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पाकिस्तान से कांग्रेस के समर्थन में उठी आवाज पर राहुल गांधी और इंडी गठबंधन पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि अब यह स्पष्ट हो गया है कि कांग्रेस का हाथ देश के दुश्मनों के साथ है। संभल, बदायूं और आंवला लोकसभा क्षेत्रों में चुनावी जनसभाओं को संबोधित करने के लिए रवाना होने से पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने सरकारी आवास पर मीडिया से इस विषय पर विस्तार से बात की। उन्होंने कहा कि यदि मोदी और भाजपा जीतते हैं तो देश में दीपावली मनाई जाती है तो वहीं कांग्रेस की जीत पर पाकिस्तान में जश्न मनाया जाता है। इस अंतर को देश की जनता को समझना चाहिए और देश विरोधी तत्वों को नकार देना चाहिए।  
सीएम योगी ने कहा कि चुनाव आज चरम पर पहुंच चुका है। स्वाभाविक रूप से जो देश के दुश्मन हैं वह चुनाव के दौरान मोदी जी के पक्ष में जो माहौल है उसको खराब करने का भरसक प्रयास करेंगे। कुछ चीजें पूरे देश की जनता को देखनी चाहिएं कि कैसे पाकिस्तान राहुल गांधी को प्रोजेक्ट कर रहा है। पाकिस्तान सरकार का एक पूर्व मंत्री जो बेशर्मी के साथ पुलवामा की घटना का समर्थन करता है, वही व्यक्ति आज राहुल गांधी को सपोर्ट कर रहा है और राहुल गांधी को लेकर प्रफुल्लित हो रहा हो। यह दिखाता है कि कांग्रेस का हाथ, देश के दुश्मनों का साथ दोनों साथ हैं। ये दिखाता है कि मोदी जी जीतेंगे तो भारत में दीपावली होगी, लेकिन यदि कांग्रेस कहीं पर सफलता प्राप्त करे तो पाकिस्तान उससे प्रफुल्लित हो रहा है। देश की जनता को इन बयानों से अवेयर होना चाहिए और समझना चाहिए कि इसके पीछे भारत विरोधी ताकतों की मंशा क्या है। 
उन्होंने कहा कि कांग्रेस आजादी के बाद अपने मार्ग से भटक गई है। उसने अपने स्वार्थ के लिए पहले देश का विभाजन किया और फिर अपने राजनीतिक स्वार्थ के लिए देश के अंदर तुष्टीकरण की नीतियों को आगे बढ़ाया। तुष्टीकरण की नीतियों का ही दुष्परिणाम था कि देश के अंदर अलगाववाद और उग्रवाद चरम पर पहुंचा। कांग्रेस सरकार की भ्रष्ट नीतियों के कारण देश के अंदर नक्सलवाद भी तेजी से फैला। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी ने पिछले 10 वर्ष के अंदर जो कार्य किया है उसके कारण आतंकवाद, नक्सलवाद और उग्रवाद को नियंत्रित किया जा सका है। आज देश के अंदर एक सकारात्मक माहौल बना है। विकास और गरीब कल्याणकारी योजनाओं को लेकर एक बेहतर माहौल बना है, जिससे अंतिम पायदान पर बैठे व्यक्ति को भी शासन की योजनाओं का लाभ मिल रहा है। स्वाभाविक रूप से आम जनमानस का रुझान इन सभी बातों को लेकर मोदी जी के समर्थन में है। हमें पूर्ण विश्वास है कि कांग्रेस की विभाजनकारी, तुष्टीकरण की नीतियों का देश की जनता कांग्रेस और इंडी गठबंधन को जोरदार जवाब देकर उनकी मंशा पर पानी फेरने का काम करेगी और मोदी जी के नेतृत्व में भारतीय जनता पार्टी और एनडीए गठबंधन फिर एक बार प्रचंड बहुमत से सरकार बनाएगा।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *