सूर्यकुमार यादव ने शतक ठोककर लगाया रिकॉर्ड्स का अंबार

मुंबई इंडियंस के स्‍टार बैटर सूर्यकुमार यादव ने सोमवार को सनराइजर्स हैदराबाद के गेंदबाजों की बखिया उधेड़ते हुए शानदार शतक जमाया। स्‍काई ने केवल 51 गेंदों में 12 चौके और 6 छक्‍के की मदद से नाबाद 102 रन बनाए। उनका स्‍ट्राइक रेट 200 का रहा। सूर्यकुमार यादव की पारी के दम पर मुंबई इंडियंस ने सनराइजर्स हैदराबाद को आईपीएल 2024 के 55वें मैच में 16 गेंदें शेष रहते सात विकेट से पटखनी दी।

टी20 वर्ल्‍ड कप 2024 से पहले सूर्या का फॉर्म में लौटना भारतीय टीम के लिए शुभ संकेत हैं। सूर्यकुमार यादव ने तिलक वर्मा के साथ शानदार साझेदारी करके मुंबई को आसान जीत दिलाई और टीम के प्‍लेऑफ में पहुंचने की उम्‍मीदों को जिंदा रखा।

बता दें कि वानखेड़े स्‍टेडियम पर खेले गए मुकाबले में हैदराबाद ने पहले बल्‍लेबाजी करके 173/8 का स्‍कोर बनाया। जवाब में मुंबई ने 17.2 ओवर में तीन विकेट खोकर लक्ष्‍य हासिल किया। चलिए गौर करते हैं कि सूर्या ने इस दौरान क्‍या-क्‍या रिकॉर्ड्स बनाए।

तिलक वर्मा के साथ छाए सूर्या

सूर्यकुमार यादव ने सोमवार को सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ तिलक वर्मा (37*) के साथ एक खास रिकॉर्ड बनाया। सूर्या और तिलक मुंबई इंडियंस के लिए चौथे या निचले विकेट के लिए सबसे बड़ी साझेदारी करने वाली जोड़ी बन गई है। इन दोनों ने चौथे विकेट के लिए 143 रन की अविजित साझेदारी की।

इस मामले में दूसरी हिट जोड़ी

सूर्यकुमार यादव और तिलक वर्मा ने आईपीएल में लक्ष्‍य का पीछा करते हुए चौथे या निचले क्रम के लिए दूसरी सबसे बड़ी साझेदारी की। यह रिकॉर्ड आरसीबी के गुरकीरत सिंह और शिमरोन हेटमायर की जोड़ी के नाम दर्ज है, जिन्‍होंने 2019 में एम चिन्‍नास्‍वामी स्‍टेडियम पर हैदराबाद के खिलाफ 144 रन की साझेदारी की थी।

सूर्या भाऊ का जलवा

रोहित शर्मा के बाद सूर्यकुमार यादव मुंबई इंडियंस के ऐसे दूसरे बैटर बन गए हैं, जिन्‍होंने आईपीएल में टीम के लिए 25 या ज्‍यादा बार 50+ रन बनाए हैं। इन दोनों के अलावा मुंबई इंडियंस का कोई बैटर ऐसा कमाल नहीं किया है।

मिलर के बराबर पहुंचे सूर्या

सूर्यकुमार यादव नंबर-4 या नीचे सबसे ज्‍यादा टी20 शतक जमाने के मामले में डेविड मिलर के साथ संयुक्‍त रूप से दूसरे स्‍थान पर पहुंच गए हैं। सूर्यकुमार यादव ने श्रीलंकाई क्रिकेटर दासुन शनाका को पीछे छोड़ा। वैसे, नंबर-4 या नीचे सबसे ज्‍यादा टी20 शतक जमाने का रिकॉर्ड रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के ऑलराउंडर ग्‍लेन मैक्‍सवेल के नाम दर्ज है। मैक्‍सवेल ने 5 शतक जमाए हैं।

सचिन-जयसूर्या से आगे निकले सूर्या

सूर्यकुमार यादव ने मुंबई इंडियंस के लिए खेलते हुए सोमवार को सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ अपना दूसरा शतक जमाया। मुंबई इंडियंस के लिए सबसे ज्‍यादा शतक जमाने के मामले में सूर्यकुमार यादव संयुक्‍त रूप से रोहित शर्मा के साथ नंबर-1 बने। उन्‍होंने सचिन तेंदुलकर और सनथ जयसूर्या जैसे दिग्‍गज बल्‍लेबाजों को पीछे छोड़ा।

रुतु-केएल के बराबर पहुंचे सूर्या

सूर्यकुमार यादव ने सोमवार को आईपीएल 2024 के 55वें मैच में सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ शतक जमाया, जो उनके टी20 करियर का छठा शतक रहा। सूर्या ने भारत के लिए अंतरराष्‍ट्रीय स्‍तर पर चार टी20 इंटरनेशनल शतक और मुंबई इंडियंस के लिए दो शतक जमाए। भारतीय खिलाड़‍ियों में सबसे ज्‍यादा टी20 शतक जमाने के मामले में सूर्या ने केएल राहुल और रुतुराज गायकवाड़ की बराबरी की।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *