लोकसभा चुनाव: चुनाव वाले राज्यों में भीषण गर्मी और हीट वेव से परेशान लोग…

8 राज्यों की 58 सीटों पर मतदान आज
लू के थपेड़े के बीच मतदान की चुनौती
धर्मेन्द्र प्रधान, मेनका गांधी, मनोहर लाल खट्टर, संबित पात्रा, बांसुरी स्वराज, मनोज तिवारी, दीपेंद्र सिंह हुड्डा, कुमारी सैल्जा, राज बब्बर, कन्हैया कुमार, महबूबा मुफ्ती चुनाव मैदान में

नई दिल्ली।  उत्तर भारत भीषण गर्मी से तप रहा है। शनिवार को हरियाणा, दिल्ली, उत्तर प्रदेश और बिहार समेत आठ राज्यों एवं केंद्र शासित प्रदेशों की कुल 58 लोकसभा सीटों पर मतदान होगा। कुल 889 प्रत्याशी चुनावी मुकाबले में हैं। 25 मई को उत्तर भारत में लोगों को गर्मी से तपना पड़ेगा। बिहार, उत्तर प्रदेश, हरियाणा-चंडीगढ़, दिल्ली, जम्मू संभाग, पूर्वी उत्तर प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में लू की भी स्थिति रहेगी। इन क्षेत्रों में तापमान 42 से 46 डिग्री सेल्सियस तापमान रहने का अनुमान मौसम विभाग ने जताया है।
लोकसभा चुनाव के छठे चरण में शनिवार को 58 संसदीय सीटों पर मतदान होगा। इस चरण में बिहार की आठ, हरियाणा की सभी दस, झारखंड की चार, दिल्ली की सभी सात, ओडिशा की छह, उत्तर प्रदेश की 14, पश्चिम बंगाल की आठ और जम्मू-कश्मीर की एक सीट पर वोट डाले जाएंगे। मतदान सुबह सात बजे से शुरू होगा।
 2019 में इन सीटों पर सबसे ज्यादा भाजपा 40, बसपा 4, बीजद 4, सपा 1, जदयू 3, टीएमसी 3, एलजेपी 1, आजसू 1 सीट जीती थीं। कांग्रेस और आप अपना खाता भी नहीं खोल सकी थीं। चुनाव आयोग के मुताबिक, इलेक्शन के छठे फेज में 889 कैंडिडेट्स चुनाव लड़ रहे हैं। इनमें 797 पुरुष और 92 महिला उम्मीदवार हैं। इस फेज में सबसे अमीर प्रत्याशी हरियाणा के कुरुक्षेत्र सीट से भाजपा उम्मीदवार नवीन जिंदल हैं। उनके पास 1241 करोड़ रुपए की संपत्ति है। 543 लोकसभा सीटों में पांचवे फेज तक 429 सीटों पर मतदान हो गया है। 25 मई तक कुल 487 सीटों पर मतदान पूरा हो जाएगा। आखिरी और सातवें फेज में 56 सीटों पर वोटिंग होगी।

इनकी साख दांव पर
छठे चरण में राजनीतिक गलियारे के कई प्रमुख नेताओं की किस्मत ईवीएम में कैद हो जाएगी। इसमें भाजपा के वरिष्ठ नेता धर्मेन्द्र प्रधान, मेनका गांधी, मनोहर लाल खट्टर, संबित पात्रा, बांसुरी स्वराज और मनोज तिवारी हैं। कांग्रेस की ओर से दीपेंद्र सिंह हुड्डा, कुमारी सैल्जा, राज बब्बर और कन्हैया कुमार हैं। इस चरण में समाजवादी पार्टी के नेता धर्मेंद्र यादव और पीडीपी प्रमुख महबूबा मुफ्ती चुनाव मैदान में हैं।

मतदान केंद्र पर होगा ये इंतजाम

चुनाव आयोग ने संसदीय क्षेत्रों में सुचारू और शांतिपूर्ण मतदान सुनिश्चित करने के लिए व्यवस्था की है। मतदान केंद्रों पर छाया, पीने के पानी, रैंप, शौचालय, व्हीलचेयर से लेकर बिजली तक की बुनियादी सुविधाएं दी गई हैं जिससे बुजुर्ग और दिव्यांग व्यक्तियों सहित प्रत्येक मतदाता आसानी से अपना वोट डाल सकें। राज्य के मुख्य चुनाव अधिकारियों, जिला चुनाव अधिकारियों और संबंधित अधिकारियों को गर्मी की स्थिति से निपटने के लिए पर्याप्त उपाय करने की सलाह दी गई है। मतदान क्षेत्रों में किसी भी अप्रिय घटना से बचने और स्वतंत्र एवं निष्पक्ष चुनाव सुनिश्चित करने के लिए सुरक्षा भी बढ़ा दी गई है।

183 कैंडिडेट्स पर क्रिमिनल केस
एडीआर की रिपोर्ट के मुताबिक, 183 कैंडिडेट ऐसे हैं, जिन पर क्रिमिनल केस दर्ज हैं। वहीं 141 उम्मीदवार ऐसे भी हैं, जिन पर हत्या, किडनैपिंग जैसे गंभीर मामले दर्ज हैं। इनमें से 12 उम्मीदवारों को किसी न किसी मामले में दोषी ठहराया गया है। 6 उम्मीदवारों पर हत्या और 21 पर हत्या की कोशिश के मामले दर्ज हैं। महिलाओं के खिलाफ अपराध के मामले 24 उम्मीदवारों पर दर्ज हैं। 3 उम्मीदवारों के खिलाफ दुष्कर्म  का केस दर्ज है। वहीं, 16 कैंडिडेट्स पर भडक़ाऊ भाषण देने का केस दर्ज है।

39 प्रतिशत उम्मीदवार करोड़पति
लोकसभा चुनाव के छठे चरण में 889 उम्मीदवारों में से 39 फीसदी यानी 343 करोड़पति हैं। इन कैंडिडेट्स के पास औसत संपत्ति 6.21 करोड़ रुपए है। सबसे ज्यादा भाजपा के 48 उम्मीदवार करोड़पति हैं। कांग्रेस से भाजपा में आए नवीन जिंदल सबसे अमीर कैंडिडेट हैं। उनके पास 1241 करोड़ की संपत्ति है। इस लिस्ट में दूसरे नंबर पर संतृप्त मिश्रा (482 करोड़ रुपए) और तीसरे नंबर पर कांग्रेस के सुशील गुप्ता (169 करोड़ रुपए) हैं। बीजू जनता दल के सभी 6 कैंडिडेट, राजद और जदयू के सभी 4 कैंडिडेट, सपा के 11, टीएमसी के 7, कांग्रेस के 20 और आम आदमी पार्टी के 4 कैंडिडेटस की संपत्ति एक करोड़ या उससे ज्यादा है।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *