कोरोना काल में गायब हो गये थे कांग्रेस और सपा के लोग-योगी

कुशीनगर । मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा है कि जब कोरोना कालखंड में देश परेशान था तब कांग्रेस और सपा के लोग जनता की मदद करने की जगह गायब हो गये थे। यूपी के दो लड़कों में से एक इंग्लैंड तो दूसरा इटली भाग गया था। उन्होंने कहा कि कांग्रेस और सपा के शासन में गरीब मुसहर भूखों मरता था, तब हम सब सड़क पर उतर कर उनके हक की लड़ाई लड़ते थे। आज पीएम के नेतृत्व में हमने मुसहर जाति के परिवार को एक-एक आवास, जमीन का पट्टा और राशन कार्ड प्रदान किया है। योगी आदित्यनाथ शुक्रवार को साखोपार में कुशीनगर लोकसभा सीट से पार्टी प्रत्याशी विजय कुमार दूबे के पक्ष में चुनावी जनसभा को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा भी मौजूद रहे। 
मुख्यमंत्री ने कहा कि पीएम मोदी के मार्गदर्शन और जेपी नड्डा के नेतृत्व में भाजपा दुनिया का सबसे बड़ा राजनीतिक दल है। हमारे लिए देश पहले है। कोरोना कालखंड में हमारे प्रधानमंत्री ने पार्टी के कार्यकर्ताओं को सेवा ही संगठन का नारा दिया था। फ्री में टेस्ट, फ्री में उपचार और फ्री में वैक्सीन के साथ ही 80 करोड़ जनता को फ्री में राशन दिया देने का कार्य मोदी जी के कार्यकाल में किया गया। वहीं दूसरी तरफ यही राशन सपा और कांग्रेस के समय में सत्ता के दलाल खा जाते थे। सीएम योगी ने कहा कि बीते 10 साल में देश का सम्मान पूरी दुनिया में बढ़ा है, हमारी सीमाएं सुरक्षित हुई हैं, आतंकवाद और नक्सलवाद नेस्तनाबूद हुआ है। अब तो जोर से पटाखा भी फट जाए तो पाकिस्तान सफाई देने लगता है। उसे पता है कि भारत को छेड़ना नहीं है, क्योंकि किसी ने छेड़ा तो भारत छोड़ेगा नहीं। मगर इंडी गठबंधन वाले कह रहे हैं कि पाकिस्तान को छेड़ो मत, ऐसे लोगों को भारत पर बोझ बनने की जगह पाकिस्तान जाकर भीख मांगना चाहिए।
सीएम ने कहा कि 500 साल का इंतजार मोदी जी ने खत्म करा दिया है और अयोध्या में भव्य श्रीराम मंदिर का निर्माण हो चुका है। मगर कांग्रेस और सपा के लोग कहते हैं कि राम का मंदिर बेकार बना है, राम हुए ही नहीं। इसीलिए कहता हूं कि ये चुनाव रामभक्त और रामद्रोहियों के बीच आ गया है। रामभक्त ही देशभक्त हैं। कश्मीर से अनुच्छेद 370 खत्म हो चुका है। कश्मीर भारत का हिस्सा है, कुशीनगर का व्यक्ति भी अब कश्मीर में जमीन खरीद सकता है। योगी ने कहा कि कांग्रेस का मेनिफेस्टो बहुत खतरनाक है। ये झूठ बोल रहे हैं, अनर्गल प्रलाप कर रहे हैं। पश्चिम बंगाल की ममता सरकार ने 118 मुस्लिम जातियों को ओबीसी आरक्षण दे दिया था, जिसे कलकत्ता हाईकोर्ट ने खारिज कर दिया है। ये इंडी गठबंधन वाले लोग एससी, एसटी, ओबीसी के आरक्षण में सेंध लगाना चाहते हैं, इसलिए इनसे सावधान रहना है। ये कहते हैं कि आएंगे तो पर्सनल लॉ यानी तालिबानी शासन लागू करेंगे। तब बेटी स्कूल नहीं जा पाएगी, महिलाओं को बुर्के में रखेंगे। तीन तलाक को फिर से लागू करेंगे। 

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *