भारत टाकीज के पास लकड़ी गोदाम में लगी आग, लाखों का माल जलकर खाक

 भोपाल ।     राजधानी के भारत टाकीज इलाके में गुरुवार सुबह एक लकड़ी के गोदाम में अचानक आग लग गई। इससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। लोगों ने गोदाम से धुआं और आग की लपटें उठती देख फायर बिग्रेड कंट्रोल रूम को सूचना दी। मौके पर पहुंचे दमकलकर्मियों ने तीन घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया। गनीमत रही कि आग आसपास की दुकानों तक नहीं पहुंची और एक बड़ा हादसा होने से टल गया। हालांकि गोदाम मालिक का कहना है कि आग लगने से उनका लगभग 17-18 लाख का माल जलकर खाक हो गया। फायर बिग्रेड कंट्रोल रूम से मिली जानकारी के अनुसार भारत टाकीज क्षेत्र में मुख्य मार्ग पर स्थित अमन फर्नीचर आरा मशीन एवं गोदाम मैं गुरुवार सुबह 6:40 बजे भीषण आग लगी थी। सूचना मिलते ही मौके पर फायर स्टेशन बोगदा पुल, माता मंदिर, फतेहगढ़, कबाड़खाना, बैरागढ़ आदि से लगभग एक दर्जन दमकल गाड़ियों को रवाना किया गया। मौके पर पहुंचकर फायर कर्मियों ने आग बुझाना शुरू कर दिया था। आग भीषण होने की वजह से काबू पाने में लगभग 3 घंटे का समय लग गया। इस तरह आग पर 10:00 बजे तक काबू पा लिया गया। फायर कर्मियों ने बताया कि गोदाम के पास ही एक होटल का निर्माण हो रहा है। आग लगने से वह इमारत पूरी तरह काली हो गई है वहीं आसपास भी अन्य लकड़ी के गोदाम , दुकानें स्थित हैं। यदि समय रहते आग पर काबू नहीं पाया जाता, तो आग इनको भी अपनी चपेट में ले लेती और एक बड़ा हादसा हो सकता था। इधर गोदाम के मालिक फैजान ने बताया कि आग लगने से उनका लगभग 17 से 18 लाख रुपए का नुकसान हुआ है। प्राथमिक तौर पर आग लगने की वजह शार्ट सर्किट बताई जा रही है। फिलहाल आग लगने के सही कारणों का पता नहीं चल सका है।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *