सीएम ने की पीएम मोदी से मुलाकात

 केन-बेतवा परियोजना के भूमिपूजन के लिए किया अनुरोध

भोपाल। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने गुरुवार को दिल्ली में उनके निवास 7, लोक कल्याण मार्ग में सौजन्य भेंट कर तीसरे कार्यकाल की बधाई दी। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने प्रधानमंत्री को प्रदेश में चल रही दो प्रमुख नदी-जोड़ो परियोजनाओं, केन-बेतवा परियोजना और पार्वती-कालीसिंध-चंबल परियोजना की वर्तमान स्थिति की जानकारी दी। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने बताया कि केन-बेतवा परियोजना भूमिपूजन के लिए तैयार है। उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी से केन-बेतवा परियोजना के भूमिपूजन के लिए समय प्रदान करने का अनुरोध किया। मुख्यमंत्री ने मुलाकात के बाद सोशल मीडिया पर लिखा कि आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से सौजन्य भेंट की। डबल इंजन सरकार के नेतृत्व में प्रदेश के सर्वांगीण विकास व जनकल्याणकारी योजनाओं के संबंध में मार्गदर्शन प्राप्त किया।
मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में गठित नई केंद्र सरकार पूर्व की भांति मध्यप्रदेश के विकास और उन्नति के लिए सहयोग देती रहेगी। मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री मोदी को प्रदेश में चल रही विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की स्थिति से अवगत कराया। उन्होंने बताया कि जल-गंगा अभियान से प्रदेश के कुएं, बावडिय़ां, नदियां, तालाब, पोखर, झील इत्यादि जल संरचनाओं पर ध्यान केंद्रित कर जनजागृति का वृहद स्तर पर अभियान चलाया जा रहा है। प्रदेश की जनता का इस अभियान के प्रति उत्साह देखकर इस अभियान की समय-सीमा को 30 जून तक बढ़ाया गया है।
मुख्यमंत्रीने प्रधानमंत्री को प्रदेश में चल रहे सिकल सेल उन्मूलन कार्यक्रम के बारे में भी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि उप राष्ट्रपति जगदीप धनखड़ के नेतृत्व में डिंडोरी जिले में विश्व सिकल सेल दिवस पर राज्य स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किया गया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने बताया कि राज्य सरकार रक्त विकार की इस गंभीर बीमारी के उन्मूलन के लिए प्रतिबद्ध है। साथ ही जनजागरूकता से मरीजों के सदैव सहयोग के लिये भी दृढ़ संकल्पित है। इससे पहले मुख्यमंत्री ने केंद्रीय पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप सिंह पुरी से उनके आवास पर सौजन्य भेंट की।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *