हरियाणा में बोले योगी, कहा-बंटोगे तो कटोगे, एक रहोगे तो नेक रहोगे

लखनऊ । मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ हरियाणा के विधानसभा चुनाव में प्रचार अभियान का श्रीगणेश कर दिया। उन्होंने नरवाना, राई और असंध विधानसभा क्षेत्र के भाजपा प्रत्याशियों के पक्ष में जनसभा की। योगी आदित्यनाथ ने विकास कार्यों के बलबूते हरियाणा में तीसरी बार कमल खिलाने का आह्वान किया। कांग्रेस-इनेलो, बसपा व आम आदमी पार्टी उनके निशाने पर रही। कांग्रेस पर तंज कसते हुए सीएम योगी ने असंध में कहा कि कांग्रेस का ढांचा वैसे ही जर्जर हो चुका है, जैसे अयोध्या में बाबरी ढांचा। इसे ऑक्सीजन दोगे तो यह सुरक्षा में सेंध लगाएगी।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की पहली जनसभा नरवाना से भारतीय जनता पार्टी के उम्मीदवार कृष्ण कुमार बेदी के पक्ष में हुई। सीएम योगी ने कहा कि अयोध्या में पांच सौ वर्ष का इंतजार समाप्त हुआ और रामलला विराजमान हो चुके हैं। 1947 में आजादी के बाद पं. जवाहर लाल नेहरू प्रधानमंत्री बने थे। वे भी राम मंदिर बना सकते थे। उस समय विवाद भी इतना नहीं था। आजादी के तत्काल बाद अयोध्या में राम मंदिर का निर्माण नहीं हो पाया तो इसके जिम्मेदार सेक्युलरिज्म का लबादा जोड़ने वाले दल हैं। प्रभु राम के नाम से कांग्रेस व इनेलो को परेशानी होती थी। इनका प्रयास भारत की आस्था व महापुरुष का अपमान करना था। भाजपा ने विवाद समाप्त कराए और राम मंदिर का निर्माण कराया।
सीएम ने कहा कि पीएम मोदी ने अयोध्या के अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट का नाम महर्षि वाल्मीकि के नाम पर किया। कांग्रेस व इनेलो परिवारवाद में मस्त हैं। यह कभी प्रभु श्रीराम-श्रीकृष्ण तो कभी आंबेडकर का अपमान करते हैं। सत्ता मिलने पर अनुसूचित जाति के लोगों पर अत्याचार, सुरक्षा में सेंध व दंगा कराते हैं। यही कारण है कि सबसे लंबे समय तक शासन करने के बावजूद कांग्रेस महर्षि वाल्मीकि, संत रविदास,  बाबा साहेब भीमराव आंबेडकर के नाम पर नहीं, बल्कि अपने पूर्वजों के नाम पर विकास योजनाओं का नामकरण करती थी। बच्चा पैदा बाद में होता था, पहले उनके नाम पर एयरपोर्ट व स्टेडियम का नाम रख दिया जाता था। इनेलो का हरियाणा के बाहर कोई अस्तित्व नहीं है। इन्हें वोट देना बेकार है।
सीएम ने कहा कि कांग्रेस व इनेलो को सत्ता मिली थी तो लूट धड़ल्ले से होती थी। यह लोग हिंदू मंदिरों से पैसा ले लेते थे। कोरोना में कांग्रेस व इनेलो के नेता गायब थे, लेकिन भाजपा का कार्यकर्ता श्सेवा ही संगठनश् के नारे संग सरकार के साथ मिलकर जनता की सेवा के लिए तत्पर था। सीएम योगी ने कहा कि महर्षि वाल्मीकि के नाम पर अयोध्या में इंटरनेशनल एयरपोर्ट बना, मां शबरी के नाम पर रसोई घर बने तो बाबा साहेब आंबेडकर के पंच तीर्थों का निर्माण किया गया। सीएम योगी ने कहा कि बांग्लादेश में हिंदू मंदिर तोड़े जा रहे हैं। हिंदू मारे-काटे जा रहे हैं। हिंदुओं पर अत्याचार हो रहा है। इनके मुख से एक भी शब्द नहीं निकल रहा है। बांग्लादेश में जिन हिंदुओं पर अत्याचार किया जा रहा है, उनमें 90 फीसदी से अधिक दलित हैं। कांग्रेस को वोट बैंक की चिंता है, हिंदुओं की नहीं। चुनाव में कांग्रेस, इनेलो व निर्दलीय जाति के नाम पर आएंगे, लेकिन यह बिना पेंदी के लोटे हैं। इनका अपना कोई अस्तित्व-वजूद व विकास की विजन नहीं है। इनकी नीयत और राष्ट्र के प्रति नीति भी अच्छी नहीं है। भाजपा ने जो कहा, वह करके दिखाया।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने राई विधानसभा क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी कृष्णा गहलावत के समर्थन में जनआशीर्वाद रैली की। सीएम ने रैली से पहले राष्ट्रनायक महाराणा प्रताप की अश्वारोही प्रतिमा पर पुष्पांजलि भी की। बोले कि महाराणा प्रताप ने सबसे बड़ी विदेशी हुकुमतों को चुनौती दी थी। उनकी लड़ाई सत्ता की नहीं, बल्कि स्वाभिमान, स्वदेश व स्वधर्म की थी। सीएम ने महाराणा प्रताप के व्यक्तित्व की चर्चा की। बोले कि मेवाड़ व चित्तौड़गढ़ के स्वाभिमान की रक्षा करते हुए उन्होंने स्वधर्म के लिए कार्य किया था। उन्होंने समाज को जोड़ा था। जहां भामाशाह-महाराणा प्रताप जैसे महावीर होंगे, उस देश का कोई बालबांका नहीं कर सकता है। यह चुनाव भी एक भारत, श्रेष्ठ भारत के पीएम मोदी के विजन को आगे बढ़ाने की लड़ाई है। आपने डबल इंजन सरकार के कार्यकाल में बदले हरियाणा की तस्वीर को देखा होगा।  सीएम योगी ने कहा कि कांग्रेस-इनेलो, आम आदमी पार्टी के एजेंडे में देश, आम नागरिक, गांव, नौजवान-किसान, महिलाएं नहीं हैं। इनका एजेंडा बांटो और राज करो का संकीर्ण एजेंडा है। कांग्रेस ने कश्मीर में धारा-370 लगाई थी। जनसंघ ने सबसे पहले इसके खिलाफ आवाज उठाई थी। पीएम मोदी ने धारा-370 हटाकर श्यामा प्रसाद मुखर्जी के सपने को साकार किया। कांग्रेस का डीएनए है, जो आतंकवाद व नक्सलवाद को पनपाया है, लेकिन भाजपा उसका सफाया कर रही है। कांग्रेस को मुस्लिम वोट चाहिए, इसलिए धारा-370 नहीं हटाई। कांग्रेस क्षेत्र व भाषा के आधार पर देश का बांटने वाली पार्टी है। सीएम योगी ने आरोप लगाया कि कांग्रेस देश के खिलाफ शत्रुता रखने वाली है, इनेलो परिवारवाद से जुड़ी है। आम आदमी पार्टी जेल और बेल के चक्कर में पड़ी है। वादाखिलाफी इनकी पहचान बन चुकी है तो दूसरी तरफ पीएम मोदी के नेतृत्व में भाजपा ने सुरक्षा व समृद्धि का बेहतर कार्य करके दिखाया। कांग्रेस व इनेलो का भाई-भतीजावाद, गुंडागर्दी, भ्रष्टाचार, वसूली किसी से छिपी नहीं है, लेकिन हरियाणा अब परिवारवाद-भ्रष्टाचार का नहीं, बल्कि मनोहर लाल खट्टर व नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में विकास का केंद्र बिंदु बनकर उभरा है। देश में तीन खेल विश्वविद्यालय बन रहा है। एक हरियाणा और दूसरा यूपी में बन रही है।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *