मन की बात कार्यक्रम में प्रधानमंत्री मोदी ने की यूपी की सराहना, सीएम योगी ने जताया आभार

लखनऊ । प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को रेडियो प्रसारण कार्यक्रम ‘मन की बात’ में एक बार फिर उत्तर प्रदेश की सराहना की। उन्होंने उत्तर प्रदेश की वृक्षारोपण उपलब्धियों से लेकर ‘स्वच्छ भारत मिशन’ और ‘आत्मनिर्भर भारत’ के संकल्प को मजबूत करने के लिए प्रदेश की तारीफ की। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मन की बात कार्यक्रम के उपरांत अपने सोशल मीडिया प्लेटफार्म ‘एक्स’ पर पोस्ट कर प्रधानमंत्री मोदी का आभार जताया है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ‘मन की बात’ कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश के ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत 26 करोड़ से अधिक पौधरोपण का जिक्र किया है। मुख्यमंत्री ने इसे धरती माता के प्रति जिम्मेदारी और प्रेम का प्रतीक बताया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री की प्रेरणा और प्रदेश सरकार के प्रयासों से यह अभियान एक जन आंदोलन बना, जिसमें ग्रामीण पंचायतों से लेकर शहरी क्षेत्रों तक सभी ने भाग लिया। स्कूल, कॉलेज और स्थानीय संगठनों की भागीदारी से इस पहल को एक नई ऊंचाई मिली है। सीएम योगी ने पोस्ट में यह भी उल्लेख किया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का ‘मन की बात’ कार्यक्रम तीन अक्टूबर को अपने सफलतम 10 वर्ष पूर्ण करने जा रहा है। उन्होंने कहा कि यह कार्यक्रम देश को एक सूत्र में बांधने और आम जनता को राष्ट्रीय और सामाजिक कार्यों से जोड़ने का महत्वपूर्ण माध्यम बना है। ‘मन की बात’ ने स्वच्छता, डिजिटल इंडिया, महिला सशक्तिकरण, पर्यावरण संरक्षण और युवा उत्थान जैसे क्षेत्रों में सकारात्मक परिवर्तन लाया है।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *