महाकुंभ 2025-स्नाइपर्स और एनएसजी कमांडो करेंगे दुनिया की बड़ी हस्तियों और राजनयिकों की सुरक्षा

लखनऊ । संगम नगरी प्रयागराज में अगले वर्ष होने वाले महाकुंभ जनवरी में मकर संक्रांति से शुरू हो जाएगा। बड़ी संख्या में विश्वभर की बड़ी हस्तियां और राजनयिक भी इस आयोजन में शामिल होंगे। इसे देखते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर महाकुंभ में सुरक्षा के तगड़े बंदोबस्त किये जा रहे हैं। मेला क्षेत्र में जल, थल और नभ तक की सिक्योरिटी को फुलप्रुफ बनाया जा रहा है। ऐसे में स्नाइपर, एनएसजी कमांडो, कमांडो स्क्वाड, एटीएस, एसटीएफ, बीडीडीएस और स्निफर डॉग आदि को तैनात करने का फैसला लिया गया है।

पूरी दुनिया से 40 करोड़ श्रद्धालुओं समेत विशिष्ट अतिथि महाकुंभ में आएंगे। इसको ध्यान में रखते हुए पूरे प्रयागराज, मेला क्षेत्र, प्रमुख स्थानों, मंदिरों और संगम पर विशेष फोर्स का तैनात किया जाएगा। कई देशों के राजनियकों को भी महाकुंभ में शामिल होना है। ऐसे में एंटी ड्रोन सिस्टम का इस्तेमाल किया जाएगा। वहीं मेला क्षेत्र में कई जगह बुलेट प्रूफ आउट पोस्ट बनायी जाएगी। यह पोस्ट मेला क्षेत्र के सभी एंट्री, एग्जिट प्वाइंट, पार्किंग स्थल, प्रमुख मंदिर समेत अन्य स्थानों पर बनायी जाएगी। इसके अलावा एनएसजी कमांडो की दो टुकड़ियां और 26 एएस चेक (एंटी सबोटाज) टीम तैनात की जाएगी। यह टीम पूरे शहर में चेकिंग आदि करेगी। एसएसपी ने बताया कि मेला क्षेत्र में एटीएस कमांडो की 4 और एसटीएफ की 3 टुकड़ियों को तैनात किया जाएगा। इतना ही नहीं बम खोज एवं निरोधक दस्ता बीडीडीएस की 6 टीमे भी मौजूद रहेंगी।

महाकुंभ मेला एसएसपी राजेश द्विवेदी ने बताया कि विशिष्ट अतिथियों की सुरक्षा के लिए 20 स्नाइपर, 3 स्निफर डॉग, 4 स्वॉन दल को तैनात किया जाएगा। इसके साथ ही 30 स्पाटर्स की टीमों को भी लगाया जाएगा। इन टीमों के सदस्य पूरे शहर में तैनात रहेंगे, जो हर संदिग्ध और अराकजतत्वों पर विशेष नजर रखेंगे। वहीं 9 कमांडो स्क्वाड की टीम चप्पे-चप्पे की निगेहबानी करेगी। महाकुंभ के दौरान श्रद्धालु संगम में डुबकी लगाएंगे। इसके लिए उत्तराखंड पीएसी की 2 टुकड़ियों को संगम पर तैनात किया जाएगा। दरअसल, उत्तराखंड की पीएसी की यह टुकड़ी पानी के अंदर की गतिविधियों को बारीकी से समझती है और यह काफी एक्सपर्ट भी होते हैं, इसलिए इन्हे संगम के पास तैनात किया जाएगा। इस टीम में एक डीएसपी, 4 इंस्पेक्टर, 20 सब इंस्पेक्टर, 35 हेड कांस्टेबल और 65 कांस्टेबल होंगे।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *