सहकारी बैंक से 25 करोड़ के गबन में पुलिस ने होटल की 10 करोड़ की संपत्ति जब्त की

इटावा I उत्तर प्रदेश के इटावा जिले के सहकारी बैंक से हुए पच्चीस करोड़ के गबन के मामले में पुलिस ने दस करोड़ की संपत्ति के होटल की जब्ती की है. बैंक से गबन के आरोप में पुलिस अब तक 13 लोगों को जेल भेज चुकी है. वहीं, कई अन्य आरोपियों के भी जेल जाने की संभावनाएं जताई जा रही है. 25 करोड़ के गबन के आरोप में बैंक के छह अधिकारियों सहित शहर के कई बड़े सर्राफा व्यवसायी जेल में सजा काट रहे है.

मुख्य आरोपी के होटल पर पुलिस का शिकंजा
जिला सहकारी बैंक में 25 करोड़ रुपये गबन के मामले में मुख्य आरोपी अखिलेश चतुर्वेदी के 10 करोड़ के होटल को पुलिस और प्रशासन ने कुर्क करने की कार्रवाई की है. जब्त की इस कार्यवाही के बाद अब इस होटल को खरीदा और बेचा नहीं जा सकता है. इटावा एसएसपी संजय कुमार वर्मा ने बताया कि जिला सहकारी बैंक इटावा में हुए 25 करोड़ रुपए के घोटाले के मामले के मुख्य आरोपी वरिष्ठ शाखा प्रबंधक अखिलेश चतुर्वेदी के होटल की जब्ती की गई है.

सहकारी बैंक के घोटाले से जुड़ी संपत्ति जब्त
मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट के निर्देशों के क्रम में नायब तहसीलदार शिखर मिश्रा और पुलिस जांच अधिकारी भोला प्रसाद रस्तोगी की देखरेख में सिविल लाइन इलाके में बने रॉयल गैलेक्सी होटल को कुर्क कर लिया गया है. जिलाधिकारी के आदेश पर जब्त से संबंधित एक पोस्टर भी होटल के मुख्य गेट पर चस्पा कर दिया गया है. चस्पा किए गए पोस्टर में साफ-साफ लिखा गया है कि जिला सहकारी बैंक में हुए 25 करोड़ के घोटाले की रकम से इस होटल का निर्माण हुआ है.

अखिलेश चतुर्वेदी की गिरफ्तारी
इसलिए मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट के निर्देशन पर इस होटल को कुर्क किया गया है. मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट इटावा ने 30 सितंबर को होटल कुर्क करने का आदेश दिया था. पुलिस ने सहकारी बैंक से 25 करोड़ के गबन के मुख्य आरोपी अखिलेश चतुर्वेदी को राजस्थान के भरतपुर स्थित राज गेस्ट पैलेस से 25 जुलाई को गिरफ्तार किया था.

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *