संभल में हिंसा के बाद तीसरे दिन स्कूल खुले, इंटरनेट रहा बंद, पुलिस गश्त जारी

संभल,। उत्तरप्रदेश के संभल में हिंसा के बाद तीसरा दिन स्कूल खोल दिए गए लेकिन इंटरनेट आज भी बंद रहा। पूरे शहर में आरएएफ पुलिस फोर्स के साथ मार्च कर रही है। जामा मस्जिद जाने वाले सभी रास्तों पर बैरिकेडिंग की गई है। हिंसाग्रस्त क्षेत्रों में अभी भी हालात सामान्य नहीं हैं। ज्यादातर लोग घर छोड़कर चले गए हैं। घरों में ताले लगे हुए हैं। जानकारी के मुताबिक नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी भी संभल जाएंगे। वह वहां पीड़ितों से मुलाकात करेंगे। सहारनपुर से कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने राहुल गांधी के आने की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि राहुल गांधी के आने की तारीख अभी तय नहीं है। दो-तीन दिन में वह संभल का दौरा कर सकते हैं। 
इधर, मंगलवार को सपा सांसद रामगोपाल यादव ने प्रशासन पर हिंसा भड़काने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि प्रशासन ने जानबूझकर अशांति पैदा करने का काम किया है उन्होंने कहा कि अगर कहीं से न्याय नहीं मिलेगा तो निराश होकर व्यक्ति क्या करेगा? संसद में हमारी प्राथमिकता संभल का मुद्दा है। हम इसे छोड़ नहीं सकते।इधर, हिंदू पक्ष के वकील विष्णु शंकर को धमकी मिली है। उन्होंने कहा कि मैं लड़ रहा हूं, लड़ता रहूंगा। 
बता दें सोमवार को संभल के सपा सांसद जियाउर्रहमान बर्क और सदर विधायक नवाब इकबाल महमूद के बेटे सुहैल इकबाल पर हिंसा भड़काने पर मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने हिंसा से जुड़े मामले में 7 एफआईआर दर्ज की हैं। इनमें 6 नामजद और 2500 से ज्यादा अज्ञात हैं। अब तक 25 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। रविवार को जामा मस्जिद के सर्वे के दौरान हिंसा भड़की थी। फायरिंग में 4 लोगों की मौत हो गई थी अभी भी वहां हालात तनावपूर्ण हैं। पुलिस गश्त कर रही है।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *