सूरत में 5 इंच बारिश, बाढ़ जैसे हालात, स्कूल बंद:राजस्थान-MP में बारिश का रेड अलर्ट

देश के 26 राज्यों में मानसून पहुंच चुका है। गुजरात के सूरत शहर में पिछले 24 घंटे से तेज बारिश हो रही है। सोमवार सुबह 8 बजे से 10 बजे तक दो घंटे में ही 5.5 इंच बारिश हुई।

सूरत में रविवार शाम को मानसून की एंट्री हुई थी। इसके बाद हुई बारिश के बाद बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं। जगह-जगह पानी भर गया है। सूरत प्रशासन से आज स्कूल की छुट्टी कर दी है।

सूरत में पहले दिन की बारिश ने 2006 में बाढ़ जैसे हालात की याद ताजा कर दी। साल 2006 में 7-10 अगस्त में हुई भारी बारिश से सूरत का करीब 80-95% हिस्सा डूब गया था।

इधर, मध्य प्रदेश में साइक्लोनिक सर्कुलेशन (चक्रवात) और ट्रफ की मौजूदगी से अगले 4 दिन तक बारिश का स्ट्रॉन्ग सिस्टम एक्टिव रहेगा, इससे भारी बारिश होगी। टीकमगढ़ में रविवार को 9 इंच बारिश रिकॉर्ड की गई।

वहीं, राजस्थान के कई इलाकों में भारी बारिश हो रही है। माउंट आबू में 24 घंटे में 7 इंच पानी बरसा। इसके चलते यहां कई नदियां उफान पर हैं। कई छोटे-बड़े गांवों और कस्बों का संपर्क दूसरे स्थानों से कट गया। राजस्थान में 1 जून से अब तक सामान्य से 133% ज्यादा बारिश हो चुकी है।

ओडिशा के 50 गांव में बाढ़ की स्थिति है। इसके कारण राज्य के 50 हजार से ज्यादा लोग प्रभावित हैं। 24 साल की एक महिला तेज धार में बह गई, जिससे उसकी मौत हो गई। बाढ़ प्रभावित इलाकों में NDRF-SDRF, ODRF की टीमें तैनात हैं।

मौसम विभाग के मुताबिक दक्षिण-पश्चिम मानसून अगले दो दिनों में दिल्ली, चंडीगढ़, हरियाणा, पश्चिमी उत्तर प्रदेश, पंजाब और जम्मू-कश्मीर के कुछ हिस्सों में पहुंच सकता है। इसके आगे बढ़ने के लिए सही परिस्थितियां हैं। अगले 3 दिनों के दौरान पूर्वोत्तर भारत में भारी बारिश जारी रहने की संभावना है।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *