नवनियुक्त प्रदेश भाजपा अध्यक्ष का कार्यकर्ता सम्मेलन में भव्य स्वागत

इंदौर का कार्यकर्ता खुद को प्रदेश अध्यक्ष से कम न समझे। यह मानकर चले कि प्रदेश अध्यक्ष उनके बीच का एक कार्यकर्ता है। किसी भी पद पर जाएं, कार्यकर्ता भाव हमेशा रहना चाहिए। यह बात भाजपा के नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने सोमवार काे इंदौर में आयोजित कार्यकर्ता सम्मेलन में कही। उन्होंने कहा, इंदौर ने ऐतिहासिक स्वागत किया है, यह कार्यकर्ताओं का मुझ पर कर्ज है, इसे उतारने का प्रयास करूंगा।

कैलाश बोले- गणेश जी की कसम, मेरे पैर नहीं छूएंगे

मंच पर जब मंत्री कैलाश विजयवर्गीय संबोधित कर रहे थे ताे उन्होंने एक रोचक बात कही। उन्होंने प्रदेश अध्यक्ष से कहा कि आज आपने मेरे पैर छुए। आपसे कहना चाहता हूं कि अब मेरे पैर नहीं छूएंगे। आपको गणेश जी की कसम है। अब आप हमारे नेता हैं। इस दौरान पूर्व लोकसभा स्पीकर सुमित्रा महाजन, हितानंद शर्मा, सत्यनारायण सत्तन, मंत्री तुलसी सिलावट, सांसद शंकर लालवानी, विधायक रमेश मेंदोला सहित अन्य भाजपा नेता मौजूद रहे।

आज दिल्ली में राष्ट्रीय नेताओं से मुलाकात

भाजपा प्रदेशाध्यक्ष बनने के बाद हेमंत खंडेलवाल मंगलवार को पहली बार दिल्ली पहुंचेंगे। वे दिल्ली में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा समेत पार्टी के प्रमुख नेताओं से मिलेंगे। इस मुलाकात में उनके साथ मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव भी शामिल हो सकते हैं।

गौरतलब है कि मुख्यमंत्री मोहन यादव भी मंगलवार को दिल्ली में रहेंगे। इस दौरान दोनों नेता प्रदेश भाजपा संगठन की नई टीम के गठन को लेकर बदलाव करेंगे। इसके साथ ही मौजूदा पार्टी पदाधिकारियों की जिम्मेदारियों में संभावित फेरबदल और संगठन के लोगों की सरकार के निगम, मंडल और आयोग में होने वाली नियुक्तियों को लेकर अहम चर्चा हो सकती है। उल्लेखनीय है कि प्रदेशाध्यक्ष के चुनाव के बाद हेमंत खंडेलवाल को अपनी नई प्रदेश कार्यकारिणी का गठन करना है।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *