ब्रोंकाइटिस से ठीक होने के बाद वेटिकन लौटे पोप फ्रांसिस 

रोम । रोम के जेमेली अस्पताल में ब्रोंकाइटिस (श्वांस संबंधी बीमारी) का इलाज कराने के बाद पोप फ्रांसिस वेटिकन लौट आए हैं। सांस लेने में तकलीफ की शिकायत के बाद पोप को 30 मार्च को रोम के जेमेली अस्पताल ले जाया गया था। अस्पताल से डिस्चार्ज होने के बाद 86 वर्षीय पोप ने अपने शुभचिंतकों से मजाकिया अंदाज में कहा कि मैं अभी जिंदा हूं। जेमेली अस्पताल के डॉक्टर्स ने कहा कि पोप को एंटीबायोटिक दवाइयां दी गईं, इससे उन्हें काफी राहत मिली है। वहीं जब पोप अस्पताल से डिस्चार्ज होने के बाद अपनी कार से निकले और बिना किसी व्यक्ति का सहारा लिए वह अपनी छड़ी के सहारे आगे बढ़ने लगे। दरअसल, वह यह बताने की कोशिश कर रहे थे कि वह फिट हैं।
पोप ने अस्पताल से निकलने के बाद अपने शुभचिंतकों और पत्रकारों से बातचीत की। उन्होंने इस बात की पुष्टि भी की कि वे सेंट पीटर्स स्क्वायर में होने वाले कार्यक्रम की अध्यक्षता करेंगे। पत्रकारों द्वारा यह पूछे जाने पर कि क्या वह अस्पताल में रहने के दौरान डरे हुए थे। इसके जवाब में पोप ने कहा कि नहीं, वे डरे नहीं। उन्होंने कहा कि जब आप बीमार होते हैं, तो बहुत असहज स्थिति में होते हैं। ऐसे में डॉक्टर्स और अस्पताल में काम करने वाले लोग मरीजों के प्रति बेहद कोमल व्यवहार करते हैं। बीमारी के दौरान धैर्य से काम लेना चाहिए। उन्होंने कहा कि मैं बच्चों के वार्ड में गया और देखा कि डॉक्टर्स कितनी कोमलता से बच्चों की देखभाल कर रहे हैं।
मीडिया की रिपोर्ट के अनुसार पोप फ्रांसिस के लिए यह साल का सबसे व्यस्ततम समय होता है। दरअसल, उन्हें कई तरह के कार्यक्रमों में हिस्सा लेना होता है। पोप ने बुधवार को सेंट पीटर्स स्क्वेयर पर आए लोगों को संबोधित किया था। इस दौरान वह ठीक दिख रहे थे, लेकिन अपनी गाड़ी पर चढ़ते हुए उनकी तबीयत कुछ बिगड़ी सी दिखी। मीडिया की रिपोर्ट के हवाले से कहा था कि पोप गुरुवार को भी एक कार्यक्रम में शामिल होने वाले थे। इससे पहले पोप को 2021 में कोलन सर्जरी के लिए जेमेली अस्पताल में भर्ती कराया गया था, लेकिन तब अस्पताल से निकलते वक्त वह लोगों के सामने नहीं आए थे।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *