एशियन शूटिंग चैंपियनशिप: मनु भाकर ने किया कमाल, 10 मीटर एयर पिस्टल में भारत को दिलाया ब्रॉन्ज मेडल

श्यामकेंट (कजाकिस्तान): ओलंपिक में दो पदक जीतने वाली भारत की स्टार निशानेबाज मनु भाकर ने मंगलवार को एशियाई निशानेबाजी चैंपियनशिप की महिलाओं की 10 मीटर एयर पिस्टल स्पर्धा में कांस्य पदक जीता। भाकर ने आठ महिलाओं के फाइनल में 219.7 अंक हासिल कर तीसरा स्थान हासिल किया। चीन की कियान्के मा ने 243.2 अंक के साथ स्वर्ण पदक जीता, जबकि कोरिया की जिन यांग को 241.6 अंक के साथ रजत पदक मिला।

भाकर ने क्वालीफिकेशन में 583 अंक के साथ तीसरे स्थान पर रहकर फाइनल में प्रवेश किया था। कोरिया की येजिन ओह ने 585 अंक के साथ क्वालीफिकेशन में शीर्ष स्थान हासिल किया, लेकिन वह केवल रैंकिंग अंक के लिए इस प्रतियोगिता भाग ले रही थीं, जिससे चीन की कियानक्सुन याओ शीर्ष रैंक की निशानेबाज के रूप में फाइनल में पहुंच गईं।

भारत की अन्य खिलाड़ियों में इस प्रतियोगिता में केवल रैंकिंग अंकों के लिए भाग ले रही ईशा सिंह 577 अंकों के साथ नौवें, सुरुचि सिंह 574 अंकों के साथ 12वें, पलक 573 अंकों के साथ 17वें और सुरभि राव 570 अंकों के साथ 25वें स्थान पर रहीं। भाकर, सुरुचि सिंह और पलक की तिकड़ी टीम स्पर्धा में 1730 के कुल स्कोर के साथ तीसरे स्थान पर रही।

उल्लेखनीय है कि मनु भाकर ने पेरिस ओलंपिक में कमाल कर दिया था। उन्होंने शूटिंग में दो मेडल अपने नाम करते हुए भारत की छाती गर्व से चौड़ी कर दी थी। इस इवेंट में उन्हें भले ही ब्रॉन्ज मेडल मिला है, लेकिन उन्हें पता है कि वह इससे कहीं बेहतर शूटर हैं।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *