हमले के बाद दिल्ली CM रेखा गुप्ता को Z सिक्योरिटी:20+ हथियारबंद CRPF जवान 24 घंटे तैनात रहेंगे, कल जनसुनवाई के दौरान हुआ था हमला

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता को केंद्र सरकार ने Z कैटेगरी की वीआईपी सुरक्षा प्रदान की है। सीएम सिक्योरिटी में 22 से 25 हथियारबंद जवान 24 घंटे तैनात रहेंगे।

गुप्ता और उनके आधिकारिक आवास की सुरक्षा अर्धसैनिक बल का VIP सिक्योरिटी ग्रुप करेगा। यह ग्रुप केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और सोनिया-राहुल और प्रियंका गांधी की सुरक्षा में भी तैनात है।

दरअसल, CM रेखा पर 20 अगस्त की सुबह करीब 8.15 बजे जनसुनवाई के दौरान एक शख्स ने हमला कर दिया। आरोपी गुजरात के राजकोट का रहने वाला राजेशभाई खीमजी है, जिसे तुरंत गिरफ्तार कर लिया गया था।

आरोपी को बुधवार रात दक्षिण-पश्चिम दिल्ली के द्वारका में एक मजिस्ट्रेट के घर पर पेश किया गया। इसके बाद उसे 5 दिन की पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया है। राजेश पर हत्या के प्रयास का केस दर्ज किया गया है।

गुजरात में भी राजेश पर चाकूबाजी समेत 5 केस पहले से दर्ज हैं। हालांकि, गिरफ्तारी के दौरान उसके पास कोई हथियार नहीं मिला। इंटेलिजेंस ब्यूरो और दिल्ली पुलिस स्पेशल सेल उससे पूछताछ कर रही है।

जनसुनवाई में शिकायतकर्ता बनकर पहुंचे राजेश ने सीएम को कागज देते समय उसने हमला किया। हमले में चोटिल सीएम रेखा के हाथ, कंधे और सिर पर चोटें आईं हैं। फिलहाल वे घर से काम कर रही हैं।

हमले से एक दिन पहले आरोपी ने रेकी भी की थी

आरोपी राजेशभाई ने हमले के पहले सीएम रेखा गुप्ता के शालीमार बाग स्थित आवास की रेकी की थी। 19 अगस्त को CM के आवास में लगे CCTV कैमरों में आरोपी दिखा था। CCTV फुटेज में वह किसी से फोन पर बात करते हुए दिखाई दे रहा था। फिर फोन से लगातार CM आवास के बाहर रिकॉर्डिंग करता दिखा।

एक और CCTV फुटेज में वह मुख्यमंत्री के निजी आवास स्थित ऑफिस के अंदर बैठकर वीडियो रिकॉर्ड करता हुआ दिखाई दिया। सूत्रों ने बताया कि आरोपी के मोबाइल फोन से जनसुनवाई कार्यक्रम के दो वीडियो भी मिले हैं।

भाजपा ने AAP विधायक के साथ आरोपी की फोटो शेयर की

दिल्ली CM ऑफिस ने इस हमले को मुख्यमंत्री की हत्या की सुनियोजित साजिश का हिस्सा बताया है। वहीं, भाजपा विधायक हरीश खुराना ने घटना में आम आदमी पार्टी (AAP) के शामिल होने का दावा किया है। उन्होंने X पर गुजरात के AAP विधायक गोपाल इटालिया के साथ आरोपी की फोटो शेयर की।

AAP की गुजरात यूनिट ने फोटो को एडिटेड बताया और आरोप लगाया कि भाजपा ने AI के इस्तेमाल से गोपाल इटालिया के फोटो के साथ छेड़छाड़ की। इटालिया ने कहा कि उनके एक पुराने वीडियो से स्क्रीनशॉट्स लेकर उसे एडिट किया गया है। उन्होंने वीडियो का लिंक भी शेयर किया।

दिल्ली CM बोलीं- हमले के बाद सदमे में थी 

रेखा गुप्ता ने हमले के बाद सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा, ‘जनसुनवाई के दौरान मेरे ऊपर हुआ हमला दिल्ली की सेवा और जनता की भलाई के संकल्प पर कायराना प्रयास है। हमले के बाद सदमे में थी। अब बेहतर महसूस कर रही हूं।’

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *