न्यूयॉर्क में टूरिस्ट बस पलटी, 5 की मौत:बस में भारतीय भी थे, ड्राइवर के कंट्रोल खोने से हुआ हादसा

न्यूयॉर्क में शुक्रवार को नायग्रा फॉल्स से न्यूयॉर्क सिटी जा रही एक टूरिस्ट बस पलट गई, जिससे 5 लोगों की मौत हो गई और कई घायल हो गए।

न्यूयॉर्क स्टेट पुलिस के मेजर आंद्रे रे ने मीडिया को बताया कि बस के ड्राइवर ने कंट्रोल खो दिया जिससे बस पलट गई। यह हादसा स्थानीय समयानुसार दोपहर करीब 12:30 बजे हुआ।

बस में 54 यात्री सवार थे। ज्यादातर यात्रियों ने सीट बेल्ट नहीं लगाई थी, जिससे हादसे के समय खिड़कियां टूटने से कई यात्री बस से बाहर गिर गए।

बस में ज्यादातर यात्री भारत, चीन और फिलिपींस के

न्यूयॉर्क स्टेट पुलिस के प्रवक्ता ट्रूपर जेम्स ओ’कालाघन ने बताया, ‘बस में बच्चे भी थे। अधिकांश यात्री भारत, चीन और फिलिपींस मूल के थे।’

घायलों को हेलिकॉप्टर और एम्बुलेंस से बफैलो के एरी काउंटी मेडिकल सेंटर और आसपास के अस्पतालों में पहुंचाया गया।

दोपहर 2:10 बजे तक कम से कम आठ मरीजों को अस्पताल में भर्ती कराया गया। ओ’कालाघन ने कहा, ‘यह एक बड़ी पर्यटक बस थी, जिसमें भारी नुकसान हुआ।’

न्यूयॉर्क की गवर्नर कैथी होचुल ने X पर लिखा कि उन्हें इस ‘दुखद दुर्घटना’ के बारे में जानकारी दी गई है और उनका कार्यालय, पुलिस और स्थानीय अधिकारियों के साथ मिलकर काम कर रहा है।

एक चश्मदीद, मदीना के पॉवेल स्टीफंस ने बताया कि सड़क पर टूटी खिड़कियां, बिखरा सामान और मलबा था। हादसे के कारण रोड बंद कर दी गई। ड्राइवरों को इस इलाके से न गुजरे की सलाह दी गई। बचाव कार्य अभी भी जारी है।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *