एमपी में अगले सप्ताह से मानसून की वापसी:इंदौर समेत 13 जिलों में आज गिरेगा पानी; 2 दिन भारी बारिश का अलर्ट

राजस्थान से मानसून की वापसी होने लगी है। यह सामान्य तारीख से 3 दिन पहले से लौटने लगा है। ऐसे में मध्यप्रदेश से भी अगले सप्ताह से मानसून की वापसी होने की संभावना है। इससे पहले तेज बारिश का अलर्ट है। भोपाल में सुबह से धूप निकली है।

मौसम वैज्ञानिक अरुण शर्मा ने बताया कि लो प्रेशर एरिया की एक्टिविटी की वजह से मध्यप्रदेश में बारिश का दौर चल रहा है। अगले 2 दिन भी तेज बारिश हो सकती है।

सोमवार को इंदौर, धार, बड़वानी, खरगोन, देवास, खंडवा, बुरहानपुर, हरदा, नर्मदापुरम, बैतूल, छिंदवाड़ा, पांढुर्णा और सिवनी में भारी बारिश की चेतावनी दी गई है। ग्वालियर-चंबल संभाग में कहीं-कहीं हल्की बारिश हो सकती है।

भोपाल समेत कई जिलों में तेज बारिश हुई रविवार को दोपहर में भोपाल में करीब एक घंटा तेज बारिश हुई। जबलपुर, बैतूल, पचमढ़ी, राजगढ़ में भी बारिश का दौर चला। नर्मदापुरम के इटारसी में भी तेज पानी गिरा।

खरगोन, खंडवा, डिंडौरी, मंडला, शहडोल, अनूपपुर, नर्मदापुरम, सागर, मऊगंज, सीधी, सिंगरौली, रीवा, सतना, मैहर, पन्ना, बुरहानपुर, बालाघाट, सिवनी, पांढुर्णा, जबलपुर, कटनी, दमोह समेत कई जिलों में हल्की बारिश हुई।

एमपी में कोटे से ज्यादा पानी गिरा मध्यप्रदेश में 16 जून को मानसून ने आमद दी थी। तब से अब तक औसत 42 इंच बारिश हो चुकी है। अब तक 34.9 इंच पानी गिरना था। इस हिसाब से 7.1 इंच पानी ज्यादा गिर चुका है।

प्रदेश की सामान्य बारिश औसत 37 इंच है। यह कोटा पिछले सप्ताह ही पूरा हो गया है।

इंदौर-उज्जैन संभाग की तस्वीर बेहतर नहीं इस मानसूनी सीजन में इंदौर और उज्जैन संभाग की स्थिति ठीक नहीं है। यहां सबसे कम पानी गिरा है। सबसे कम बारिश वाले टॉप-5 जिलों में बुरहानपुर, बड़वानी, खंडवा खरगोन और शाजापुर शामिल हैं।

एमपी में जब से मानसून एंटर हुआ, तब से पूर्वी हिस्से यानी जबलपुर, रीवा, सागर और शहडोल संभाग में तेज बारिश हुई है। छतरपुर, मंडला, टीकमगढ़, उमरिया समेत कई जिलों में बाढ़ आ गई। ग्वालियर-चंबल में भी मानसून जमकर बरसा है। यहां के सभी 8 जिलों में कोटे से ज्यादा पानी गिर चुका है। इनमें ग्वालियर, शिवपुरी, गुना, अशोकनगर, भिंड, मुरैना, दतिया और श्योपुर शामिल हैं।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *