किसान बोले-पीएम मित्र पार्क से कपास के अच्छे रेट मिलेंगे:युवाओं और महिलाओं को रोजगार की उम्मीद
धार के भैंसाला में करीब 2158 एकड़ जमीन पर बनने वाले देश के सबसे बडे़ पीएम मित्रा पार्क का प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बुधवार को शिलान्यास किया। दो साल में इस पार्क में टेक्सटाइल सेक्टर से जुड़े उद्योगों में उत्पादन शुरू होने का अनुमान है।
इस पार्क से मालवा-निमाड़ के कपास उत्पादक किसान और टेक्सटाइल सेक्टर के उद्यमियों को बड़ी उम्मीदें हैं। बल्कि इस पूरे इलाके के युवा भी नौकरियों की संभावना को लेकर उत्साहित हैं। दैनिक भास्कर ने इसे लेकर किसानों, युवाओं, महिलाओं और उद्योगपति- श्रमिकों से बात की। जानिए किसे-कितनी हैं उम्मीदें…
किसानों को क्या उम्मीद
छायन गांव से आए कपास उत्पादक किसान मन्ना लाल भूरिया कहते हैं, काफी मात्रा में हम कपास उगाते हैं। अभी हमारा कपास छोटा है। हमें ऐसा लगता है कि अब कपास गांव में ही अच्छे दामों पर खरीदा जाएगा।
गंधवानी से आए किसान नरसिंह भाबर ने कहा, यहां फैक्ट्रियां लगने से रोजगार मिलेगा। बच्चों को अभी कोई काम नहीं मिलता लेकिन ये काम चालू हो जाएगा तो रोजगार मिलेगा। महिलाओं को अच्छा काम मिलेगा। हम कपास उगाते हैं अभी 60-70 रुपए किलो बिकता है। हमें लगता है कि फैक्ट्रियां खुल जाने से हमारा कपास कम से कम 100 रुपए किलो तक खरीदा जाएगा।
महिलाओं, युवाओं, श्रमिकों ने क्या कहा
दोत्रिया गांव से आए दंपति पूजा ने कहा, यहां फैक्ट्रियां बनने से हमारी मजदूरी बढ़ जाएगी। हम लोगों को बहुत फायदा होगा। पूजा के पति महेश प्रसाद का कहना है फैक्ट्री बन जाएगी तो हमें काम मिलेगा, मजदूरी मिलेगी। अभी हमें मिस्त्री के साथ हम्माली करने जाना पड़ता है। अब यहीं काम करेंगे। और परिवार के साथ रहेंगे।
स्थानीय युवा शोभाराम वास्केल कहते हैं कि अभी हमें सरकारी नौकरी की उम्मीद है। लेकिन, अगर नहीं भी लगी तो यहां इस पार्क में जॉब मिल जाएगा। हमें नौकरी की तलाश में बाहर नहीं जाना पड़ेगा।
पेंट, बैग की चेन बनाने वाली जिपर इंडस्ट्री 2.70 करोड़ खर्च करेगी पीएम मित्रा पार्क में जिपर मेन्युफैक्चरिंग कंपनी के लिए एलओआई लेने आए कंपनी के मैनेजर आदित्य जाट ने बताया हमारी कंपनी चौधरी इन्फ्रा प्रोजेक्ट यहीं बदनावर की कंपनी है। फिलहाल हमारा एग्रीगेट का काम है। अब हम नई शुरुआत करने जा रहे हैं हम अब जिपर मेन्युफैक्चरिंग का काम करेंगे। देश के निर्माण में योगदान देंगे।
हमारी कंपनी यहां 2 करोड़ 70 लाख रुपए का निवेश करने जा रही है। हमें 10 हजार स्क्वायर फिट जमीन अलॉट हुई है। हमारी कंपनी पेंट, बैग, रेनकोट की चेन बनाएंगे। कपड़ों में डिजाइनिंग के लिए जो चेन लगाई जाती है उसे जिपर कहा जाता है। हमारी कंपनी यहां जिपर(चेन) बनाने का काम करेगी।
