भोपाल में थाने के सामने स्थित पूर्व मंत्री के घर का ताला तोड़ा, दो लाइसेंसी बंदूक समेत 50 लाख का सामान चोरी

 भोपाल। कांग्रेस नेता और पूर्व मंत्री राजकुमार पटेल के सूने मकान में चोरी हो गई। उनका निवास बागसेवनिया थाने के सामने विद्यानगर में है। बदमाश दो लायसेंसी रिवाल्वर समेत करीब 50 लाख रुपये का सामान चुरा ले गए। इसमें बड़ी संख्या में सोने-चांदी के जेवरात शामिल हैं।

घटना के दौरान पूर्व मंत्री पटेल मां का निधन होने के कारण सीहोर के बकतरा स्थित अपने पैतृक घर गए थे। बुधवार शाम को लौटे तो घर के ताले टूटे मिले और कमरों की अलमारी में रखा सामान गायब था। पुलिस ने अज्ञात चोरों के विरुद्ध केस दर्ज किया है।

जानकारी के अनुसार, राजकुमार पटेल प्रदेश के पूर्व शिक्षा मंत्री रहे हैं। मां के निधन के बाद 12 सितंबर को बकतरा गए थे। 12 से 16 सितंबर के बीच अज्ञात बदमाश मकान की बाउंड्री फांदकर घुसे। मुख्य दरवाजे के ताले तोड़े। कमरों में रखीं दो लाइसेंसी बंदूक समेत बड़ी संख्या में सोने-चांदी के जेवरात चोरी कर लिए।

हालांकि, अब तक चोरी के सामान की लिस्ट पुलिस को नहीं मिली है। थाना प्रभारी अमित सोनी ने बताया कि सूचना पर पहुंची पुलिस व एफएसएल की टीम ने साक्ष्य इकट्ठे किए हैं। पूर्व मंत्री के घर सीसीटीवी कैमरा नहीं लगे हैं।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *