गौधाम को बनाया जाएगा आत्मनिर्भर : उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल

प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के जन्म दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित सेवा पर्व में हिनौती गौधाम रीवा में वृहद वृक्षारोपण किया गया। उप मुख्यमंत्री श्री राजेन्द्र शुक्ल ने आम, अमरूद के पौधे लगाये। उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल ने कहा कि गौमाताओं के संरक्षण के लिए हिनौती गौधाम का निर्माण कराया गया है। उन्होंने कहा कि गोमाता का संपूर्ण शरीर पूज्यनीय व पवित्र है। यहां तक कि उनका गोबर व गौमूत्र भी पूजन के कार्य आता है। आने वाले समय में दूध न देने वाली गोमाताओं के गोबर व गौमूत्र से भी गौधाम को लाखों की आमदनी होगी। गौधाम को रेवेन्यू मॉडल के तहत आत्मनिर्भर बनाया जायेगा। इस प्रकल्प का मास्टर प्लान बना लिया गया है। शेड निर्माण का कार्य प्रगति पर है।
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि गौधाम में 75 शेड बनाकर 50 हजार से अधिक गौवंश को संरक्षित किया जायेगा। इनके संरक्षण से गौवंश की रक्षा होगी तथा किसानों की खेती भी सुरक्षित रहेगी। गोमाता की कृपा से यह क्षेत्र सुखी व समृद्धशाली होगा। उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल ने गौधाम में वन विभाग द्वारा किये गये वृहद वृक्षारोपण की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि वन विभाग द्वारा 3500 से अधिक फलदार व छायादार पौधों का रोपण किया गया है। उन्हें जो भूमि आवंटित हुई है, उसमें आने वाले समय में इतने ही पौधे और लगाये जायेंगे। इन सब पौधों के बड़े होने पर आगामी 4 से 5 वर्षों में यहां का दृश्य और भी मनोरम होगा। कार्यक्रम में सांसद श्री जनार्दन मिश्र, विधायक मनगवां इंजी. नरेन्द्र प्रजापति, नगर निगम अध्यक्ष श्री व्यंकटेश पाण्डेय सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि, वन विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।
Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *