मध्य प्रदेश के 24 जिलों में आज हो सकती है बारिश, इंदौर और भोपाल में बरसेंगे बादल

 भोपाल। अलग-अलग स्थानों पर बनी मौसम प्रणालियों के प्रभाव से नमी आने का सिलसिला बना हुआ है। जिसके चलते मध्य प्रदेश में कहीं-कहीं बारिश (Rain in MP) हो रही है। इसी क्रम में शुक्रवार को सुबह साढ़े आठ बजे से शाम साढ़े पांच बजे तक बैतूल में 34, रतलाम में 28, छिंदवाड़ा में 24, पचमढ़ी एवं सीधी में तीन-तीन, श्योपुर में दो, नौगांव में एक मिलीमीटर बारिश हुई।मौसम विज्ञानियों के मुताबिक शनिवार को भोपाल, नर्मदापुरम, जबलपुर, इंदौर संभाग के जिलों में कहीं-कहीं बारिश(MP Ka Mausam) हो सकती है। शेष क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ हल्की बौछारें पड़ सकती हैं।

यहां बना हुआ है चक्रवात

मौसम विज्ञान केंद्र से मिली जानकारी के मुताबिक वर्तमान में उत्तर-पश्चिमी उत्तर प्रदेश और उसके आसपास हवा के ऊपरी भाग में चक्रवात बना हुआ है। दक्षिणी मराठवाड़ा पर भी हवा के ऊपरी भाग में चक्रवात मौजूद है। पूर्व-पश्चिम द्रोणिका उत्तर-पश्चिमी उत्तर प्रदेश से बांग्लादेश तक बनी हुई है, जो बिहार, पश्चिम बंगाल से होकर जा रही है।

मध्य प्रदेश के 24 जिलों भोपाल, रायसेन, राजगढ़, सीहोर, विदिशा, हरदा, नर्मदापुरम, बैतूल, इंदौर, धार, झाबुआ, आलीराजपुर, बड़वानी, खरगोन, बुरहानपुर, खंडवा, जबलपुर, कटनी, नरसिंहपुर, सिवनी, छिंदवाड़ा, बालाघाट, मंडला और डिंडौरी में आज बारिश के आसार हैं।

मध्य प्रदेश से गुजर रही द्रोणिका

उत्तर-दक्षिणी द्रोणिका दक्षिणी उत्तर प्रदेश के मध्य से मध्य प्रदेश, विदर्भ से होकर मराठवाड़ा तक बनी हुई है। मौसम विशेषज्ञ अजय शुक्ला ने बताया कि वर्तमान में बंगाल की खाड़ी में कोई प्रभावी मौसम प्रणाली नहीं है, लेकिन एक द्रोणिका मध्य प्रदेश से होकर गुजर रही है। इस वजह से कहीं-कहीं बारिश हो रही है।

इन इलाकों में अच्छी बारिश के आसार

शनिवार को भी भोपाल, नर्मदापुरम, जबलपुर, इंदौर संभाग के जिलों में कहीं-कहीं बारिश हो सकती है। शेष क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ हल्की बौछारें पड़ सकती हैं। हालांकि, बंगाल की खाड़ी में हवा के ऊपरी भाग में चक्रवात बनने के संकेत मिले हैं। उसके प्रभाव से दो दिन बाद प्रदेश के जबलपुर, शहडोल, रीवा संभाग के जिलों में अच्छी बारिश होने के आसार हैं।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *