शक्ति चक्रवात एक्टिव, UP से अभी नहीं जाएगा मानसून, जानिए क्‍या बता रहे मौसम वैज्ञानिक

लखनऊ: उत्तर प्रदेश से अभी मानसून नहीं जाने वाला है। अगले 3 से 4 दिन बाद एक बार फिर मानसून की वापसी हो जाएगी। अरब सागर में शक्ति नामक चक्रवात के सक्रिय होने से बादलों का रुख यूपी के कई हिस्सों में होने का दावा किया जा रहा है। इसके असर से यूपी से अभी मानसून नहीं जाएगा। मौसम विभाग के अनुसार, अगले दो से तीन दिनों तक राज्य के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है।

मौसम विभाग की माने तो पश्चिमी यूपी में सोमवार और मंगलवार को अच्छी बारिश हो सकती है, जबकि बुधवार को पूर्वी जिलों में छिटपुट बारिश के आसार हैं। इसके बाद 8 अक्टूबर से मौसम पूरी तरह साफ हो जाएगा। मौसम वैज्ञानिक मोहम्मद दानिश ने बताया कि शक्ति नामक चक्रवात बहुत दूर है, उसका उत्तर प्रदेश में कोई असर नहीं पड़ेगा। मानसून 8 अक्टूबर तक प्रदेश के दक्षिणी हिस्‍से में रहेगा। सोमवार को पश्चिमी यूपी में अच्छी बारिश होने की संभावना है।

3 से 4 दिन वापसी में लगेंगे

मोहम्मद दानिश ने बताया कि मंगलवार को भी पश्चिमी यूपी में छिटपुट बारिश होने के आसार जताए गए हैं। इसी तरह बुधवार को पूर्वी यूपी में कुछ जगहों पर छिटपुट बारिश होने की संभावना है। उसके बाद मौसम पूरी तरह से साफ रहने वाला है। उन्होंने बताया कि उत्तर प्रदेश से मानसून की वापसी 3 से 4 दिन में होगी।

6 अक्‍टूबर को प्रभावित करेगा पश्चिमी विक्षोभ

वहीं, मौसम विशेषज्ञ डॉ. एस.एन. सुनील पांडेय ने बताया कि जम्मू-कश्मीर और इसके आसपास के क्षेत्रों में एक पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय है, जबकि 6 अक्टूबर को एक और पश्चिमी विक्षोभ उत्तर-पश्चिम भारत को प्रभावित करेगा। इसके प्रभाव से मध्य और पूर्वी उत्तर प्रदेश में बारिश की संभावना है। मानसून की वापसी के लिए अनुकूल परिस्थितियां 10 अक्टूबर के आसपास बनेंगी। फिलहाल दक्षिण-पश्चिमी मानसून वापसी की रेखा के बीच रुका हुआ है। रविवार को धूप निकलने से अधिकतम तापमान में करीब दो डिग्री की बढ़ोतरी दर्ज की गई और पारा 34.3 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। वहीं न्यूनतम तापमान 0.7 डिग्री बढ़कर 23 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ। आने वाले दिनों में बारिश के चलते तापमान में गिरावट दर्ज की जा सकती है।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *