सीएम रवाना करेंगे हेलिकॉप्टर, 20 से संचालन‎:एक नवंबर से हेलिकॉप्टर सेवा से जुड़ेंगे उज्जैन समेत 9 पर्यटन स्थल

मप्र के 70वें स्थापना दिवस पर प्रदेश को पर्यटन के क्षेत्र में नई सौगात मिलने जा रही है। पहली बार पर्यटकों के पसंदीदा 9 पर्यटन स्थल हवाई सेवा से जुड़ जाएंगे। इसमें तीन रूट तैयार किए गए हैं।

पहला भोपाल से मढ़ई और फिर पचमढ़ी, दूसरे रूट में इंदौर से उज्जैन और ओंकारेश्वर एवं तीसरा रूट जबलपुर से बांधवगढ़ व कान्हा रहेगा। इसका सप्ताह में पांच दिन तक संचालन किया जाएगा।

रूट एक पर मेसर्स ट्रांस भारत एविएशन, रूट 2 और 3 पर मेसर्स जेट सर्व एविएशन प्राइवेट लिमिटेड हवाई यात्रा संचालित करेगी।

इनके साथ पर्यटन विभाग ने तीन साल का अनुबंध किया है। शुरुआत में निजी ऑपरेटर सभी रूट पर हेलिकॉप्टर चलाएंगे और इनमें कम से कम छह यात्री सीटें होंगी।

बता दें इसके पहले छोटे शहरों को जोड़ने के लिए हवाई सेवा शुरू की जा चुकी है। पर्यटन विभाग ने मप्र के सबसे अधिक पर्यटक पहुंच वाले स्थानों को हवाई पर्यटन सेवा में शामिल किया है। अभी इसका किराया नहीं बताया गया है, लेकिन 20 नवंबर से मप्र में नियमित संचालन शुरू हो जाएगा।

डिप्टी सीएम ने जताया मुख्यमंत्री का आभार

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव 1 नवंबर को राजा भोज एयरपोर्ट भोपाल से पीएम श्री हवाई पर्यटन हेलीकॉप्टर सेवा का शुभारंभ करेंगे। इस कार्यक्रम में केंद्रीय नागर विमानन मंत्री किंजरापु राममोहन नायडू, भारत के विधि और न्याय राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) अर्जुन राम मेघवाल, पर्यटन मंत्री धर्मेंद्र सिंह लोधी भी शामिल होंगे।

सीएम फ्लैग ऑफ के साथ तीनों हेलिकॉप्टर उज्जैन के लिए प्रस्थान करेंगे। हवाई पर्यटन हेलिकॉप्टर सेवा पीपीपी मॉडल पर संचालित होगी। इसके साथ मप्र देश में इंट्रा स्टेट एयर कनेक्टिविटी संचालित करने वाला पहला राज्य बन जाएगा। इसके अलावा मप्र के रीवा एयरपोर्ट से रीवा-दिल्ली एवं रीवा-इंदौर के लिए भी हवाई सेवा शुरू की जा रही है। इसे लेकर डिप्टी सीएम राजेन्द्र शुक्ल ने सीएम से मुलाकात की और उन्हें धन्यवाद दिया।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *