जोहरान ममदानी की मुरीद हुईं प्रियंका चोपड़ा, न्‍यूयॉर्क में रह रही ‘देसी गर्ल’ ने कहा- आपने इतिहास बना दिया

बॉलीवुड की ‘देसी गर्ल’ प्रियंका चोपड़ा ग्‍लोबल एक्‍ट्रेस हैं। पति निक जोनस, बेटी मालती और परिवार के साथ वह बीते 9 साल से न्‍यूयॉर्क, अमेरिका में रह रही हैं। हर भारतीय की तरह एक्‍ट्रेस का दिल भी जोहरान ममदानी की जीत पर गदगद हुआ है। फिल्‍म डायरेक्‍टर मीरा नायर के बेटे जोहरान ममदानी न्‍ययॉर्क शहर के पहले मुस्लिम और सबसे कम उम्र के मेयर चुने गए हैं। प्रियंका ने उनकी जीत का जश्न इंस्टाग्राम पर मनाया है।

जोहरान ममदानी ने जीत के बाद अपने समर्थकों को संबोधित किया था। प्रियंका चोपड़ा ने इसी संबोधन का एक स्क्रीनशॉट अपनी इंस्‍टाग्राम स्‍टोरी पर शेयर किया है। अपनी जाहिर करते हुए प्रियंका ने लिखा है, ‘जोहरान ममदानी को बधाई। न्यूयॉर्क शहर के 111वें मेयर! आपने इतिहास रच दिया। बधाई हो, मीरा नायर।’

कौन हैं जोहरान ममदानी, क्‍यों ऐतिहासिक है उनकी जीत

जानकारी के लिए बता दें कि ‘फायर’, ‘मॉनसून वेडिंग’ और ‘सलाम बॉम्‍बे’ जैसी फिल्‍मों की डायरेक्‍टर मीरा नायर ने दो शादियां की हैं। मीरा की दूसरी शादी महमूद ममदानी से हुई है। जोहरान ममदानी इन दोनों की ही संतान हैं। युगांडा के कंपाला में जन्मे जोहरान ममदानी का परिवार न्यूयॉर्क में बसने से पहले केप टाउन में रहा था। वह सिर्फ 34 साल के हैं। उन्‍होंने ब्रोंक्स हाई स्कूल ऑफ साइंस और बॉडॉइन कॉलेज से पढ़ाई की है। उन्होंने अफ्रीकन स्‍टडीज में डिग्री हासिल की है। वह मेयर का चुनाव जीतने से पहले न्‍यूयॉर्क स्‍टेट असेंबली के मेंबर भी रह चुके हैं।

शादी के बाद न्‍यूयॉर्क चली गई थीं प्रियांका चोपड़ा

प्रियंका चोपड़ा साल 2016 में अमेरिकी टीवी शो ‘क्वांटिको’ की शूटिंग के दौरान न्‍यूयॉर्क गई थीं और तब से वहीं रह रही हैं। हॉलीवुड की दुनिया में गोते लगाते हुए उनकी मुलाकात निक जोनस से ‘मेट गाला’ में हुई। दोनों का प्‍यार परवान चढ़ा, जिसके बाद जुलाई 2018 में निक जोनस ने ग्रीस के क्रेते में प्रियंका चोपड़ा को टिफनी की एक खूबसूरत अंगूठी पहनाकर प्रपोज किया। फिर उसी साल दिसंबर 2018 में दोनों ने जोधपुर के उम्मेद भवन पैलेस में ग्रैंड वेडिंग की। यह शादी ईसाई और हिंदू परंपराओं के मेल के साथ हुई।

न्‍यूयॉर्क में प्रियंका चोपड़ा ने खोला था इंडियन रेस्‍टोरेंट

प्रियंका, निक और उनकी बेटी मालती मैरी चोपड़ा जोनस, न्यूयॉर्क शहर में रहते हैं। प्रियंका ने न्‍यूयॉर्क में 2021 में अपना एक रेस्‍टोरेंट ‘सोना’ भी शुरू किया था। यहां भारतीय पकवान परोसे जाते थे। हालांकि, 2024 में बढ़ते घाटे के कारण उनहोंने यह रेस्‍टोरेंट बंद कर दिया।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *