बताएंगे संघ के 100 वर्षों के कार्य:इंदौर में 30 को संघ का बड़ा कार्यक्रम, सरकार्यवाह होसबाले सुनाएंगे संघ गाथा

राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ का इंदौर में 30 नवंबर को बड़ा कार्यक्रम होने जा रहा है। इसमें संघ के सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबाले शामिल होंगे। रवींद्र नाट्यगृह में होने जा रहे इस विशेष आयोजन में संघ के आमंत्रित वरिष्ठ पदाधिकारी, स्वयंसेवक और प्रबुद्ध नागरिक शामिल होंगे। आयोजन में होसबाले स्वयंसेवकों के सवालों के जवाब भी देंगे।

शताब्दी वर्ष में देशभर में होने वाले संघ के आयोजनों की शृंखला में इंदौर में यह दूसरा बड़ा कार्यक्रम होने जा रहा है। इससे पहले संघ प्रमुख डॉ. मोहन भागवत की मौजूदगी में जनवरी में दशहरा मैदान में भी एक बड़ा कार्यक्रम हो चुका है। कार्यक्रम के दौरान होसबाले संघ कार्यकर्ताओं को संघ के इतिहास, प्रमुख बड़े कार्यों व भविष्य की उसकी चुनौतियों व योजनाओं के बारे में विस्तार से बताएंगे।

एक घंटे से ज्यादा समय तक उनका संबोधन होगा। संघ के शताब्दी वर्ष में पहुँचने तक आई चुनौतियों से लेकर संघ के संघर्ष से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं के बारे में वे स्वयंसेवकों को बताएंगे।

घर-घर पर्चे, एकता का संदेश देंगे

संघ के एक वरिष्ठ पदाधिकारी के अनुसार संघ अब देशभर में हर घर से खुद को जोड़ने की दिशा में काम कर रहा है। दशहरा पथ संचलन में भी संघ घर-घर पहुँचा था और लोगों को आमंत्रित किया था। उसी का नतीजा रहा था कि पिछले सालों की तुलना में पथ संचलनों में दोगुने से ज्यादा स्वयंसेवक पहुँचे थे।

खास बात यह है कि घर-घर पर्चे बांटे जाएंगे, जिनमें पंच परिवर्तन, संघ के अब तक के चुनिंदा बड़े सेवा कार्यों व संकल्पों के बारे में लिखा होगा। बताते हैं कि यह अभियान 3 सप्ताह तक चलेगा। दरअसल, संघ मालवा में हर घर से एक सदस्य को जोड़ना चाहता है।

इसी साल जनवरी में इंदौर में मालवा प्रांत के 28 जिलों के 870 स्वयंसेवकों ने किया था घोष वादन

राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के शताब्दी वर्ष में इसी साल जनवरी में दशहरा मैदान पर मालवा प्रांत का घोष वादन हुआ था। संघ प्रमुख डॉ. मोहन भागवत की मौजूदगी में 28 जिलों के 870 स्वयंसेवकों ने 67 मिनट तक घोष वादन किया था। कार्यक्रम में शहर के 500 से ज्यादा समाजों के प्रमुख, जनप्रतिनिधि, प्रबुद्धजन और स्वयंसेवक परिवार सहित शामिल हुए थे।

इस दौरान संघ प्रमुख ने शाखा में होने वाले दंड (डंडा) अभ्यास का जिक्र करते हुए कहा था- इसका उद्देश्य झगड़ा करना नहीं। लाठी चलाने से मनुष्य वीरता प्राप्त करता है और निर्भीक बनता है।

  • 100 वर्षों के सेवा कार्यों-सामाजिक बदलाव के बारे में बताएंगे
  • 10 से 15 मिनट का समय हर घर को देंगे
  • 3 सप्ताह लगातार चलेगा अभियान

इंदौर में 5 लाख घरों तक पहुँचेगा संघ

संघ दिसंबर के पहले ही सप्ताह से इंदौर में बड़ा जनसंपर्क अभियान शुरू करने जा रहा है। इसके तहत संघ के स्वयंसेवकों की टोलियाँ 5 लाख से ज्यादा घरों में पहुँचेंगी। हर घर में 10 से 15 मिनट का समय देंगे। इन टोलियों में महिलाएं भी बड़ी संख्या में रहेंगी। साथ ही क्षेत्रीय स्वयंसेवक व एक वरिष्ठ पदाधिकारी शामिल रहेंगे।

घर-घर पहुँचकर यह टोलियाँ संघ के 100 वर्षों के इतिहास, सेवा कार्य, संघर्ष व चुनौतियों के साथ ही भविष्य के कार्यक्रमों के बारे में लोगों को बताएंगी। संघ के पंच परिवर्तन के बारे में भी विस्तार से लोगों को बताएंगी। पंच परिवर्तन में शामिल पाँचों बिंदु स्व का बोध (अर्थात स्वदेशी), सामाजिक समरसता, पर्यावरण, नागरिक कर्तव्य और कुटुंब प्रबोधन के बारे में यह टोलियाँ विस्तार से बताएंगी।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *