मध्य प्रदेश में बदला हवाओं का रुख, शीतलहर से मिली राहत; अब रात का तापमान बढ़ेगा

भोपाल। अलग-अलग स्थानों पर बनी दो मौसम प्रणालियों के असर से हवाओं का रुख बदलकर पूर्वी हो गया है। जिसके चलते तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोतरी होने लगी है। इस वजह से शीतलहर से भी राहत मिल गई है। मौसम विज्ञानियों के मुताबिक अभी चार-पांच दिनों तक रात के तापमान में विशेष गिरावट के आसार भी नहीं हैं।

हालांकि गुलाबी ठंडक का अहसास लगातार बना रहेगा। उधर रविवार को प्रदेश में रात का सबसे कम 8.2 डिग्री सेल्सियस तापमान नौगांव में रिकार्ड किया गया। दिन का सबसे अधिक 30.5 डिग्री सेल्सियस तापमान खंडवा में दर्ज किया गया। नरसिंहपुर में शीतल दिन रहा।

चक्रवाती तूफान के मिल रहे संकेत

मौसम विज्ञान केंद्र से मिली जानकारी के मुताबिक वर्तमान में दक्षिण अंडमान सागर पर एक कम दबाव का क्षेत्र अब गहरे कम दबाव के क्षेत्र में बदल गया है। इस मौसम प्रणाली के पश्चिम-उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ते हुए सोमवार तक अवदाब के क्षेत्र में बदलने की संभावना है। साथ ही आगे भी इसी दिशा में बढ़ते हुए उसके दक्षिण-पूर्व बंगाल की खाड़ी में चक्रवाती तूफान में बदलने के भी संकेत मिल रहे हैं।

तीन-चार दिनों तक तापमान में बढ़ोतरी

दक्षिण-पूर्व अरब सागर में भी हवा के ऊपरी भाग में एक चक्रवात बना हुआ है। मौसम विशेषज्ञ अजय शुक्ला ने बताया कि मुताबिक हवाओं का रुख पूर्वी होने से तापमान बढ़ने लगा है। इससे ठंड से राहत मिल गई है। रविवार को प्रदेश में कहीं भी शीतलहर का प्रभाव नहीं रहा। अभी तीन-चार दिनों तक तापमान में और बढ़ोतरी होने के आसार हैं। हालांकि इस दौरान रात में गुलाबी ठंडक बनी रहेगी।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *