स्मृति मंधाना के पिता को क्या हुआ, अब कैसी है तबीयत? डॉक्टर ने दिया हेल्थ अपडेट

नई दिल्ली: भारतीय महिला क्रिकेट टीम की उप-कप्तान स्मृति मंधाना और संगीतकार पलाश मुच्छल की शादी फिलहाल टल गई है। दोनों की शादी रविवार को दोपहर में होनी थी। दो दिनों से संगीत, हल्दी और मेहंदी जैसे कार्यक्रम चल रहे थे। हालांकि शादी के दिन स्मृति के पिता की तबीयत बिगड़ गई। इसकी वजह से शादी को टालने का फैसला लिया गया। स्मृति के पिता श्रीनिवास मंधाना को रविवार दोपहर सांगली के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

डॉक्टर ने दिया हेल्थ अपडेट

डॉक्टरों के अनुसार श्रीनिवास मंधाना को सीने में दर्द की शिकायत हुई, जिसे एनजाइना पेक्टोरिस कहा जाता है। यह दिल की बीमारी से जुड़ा एक प्रकार का सीने का दर्द है। अस्पताल के न्यूरो फिजिशियन और चेयरमैन डॉ. नमन शाह ने टाइम्स ऑफ इंडिया को बताया, ‘उन्हें दोपहर करीब 1.30 बजे एनजाइना हुआ और 2.15 बजे हमारे अस्पताल में भर्ती कराया गया। वह फिलहाल आईसीयू में हैं। हमने कुछ टेस्ट किए हैं और दवाएं शुरू कर दी हैं। सोमवार सुबह हम और टेस्ट करेंगे और फिर तय करेंगे कि एंजियोग्राफी की जरूरत है या नहीं।

हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ. रोहित थानदार ने श्रीनिवास मंधाना की जांच की। ईसीजी में कोई नई चिंताजनक बात सामने नहीं आई। हालांकि, उनका ब्लड प्रेशर थोड़ा बढ़ा हुआ था, इसलिए डॉक्टरों ने उन्हें निगरानी में रखा है।

स्मृति मंधाना और पलाश मुच्छल करीब 6 सालों से रिलेशनशिप में हैं। इसके बाद दोनों ने शादी करने का फैसला किया। इसी महीने भारत ने महिला विश्व कप 2025 का खिताब जीता था। उसी डीवाई पाटिल स्टेडियम की पिच पर जाकर पलाश ने स्मृति को प्रपोज किया था। उन्होंने इसका वीडियो सोशल मीडिया पर भी शेयर किया था। फैंस को भी इस शादी का बेसब्री से इंतजार था। अब उनकी शादी अनिश्चितकाल के लिए टल गई है।
Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *