आदिवासी जमीन पर भाजपा कार्यालय भूमिपूजन का आरोप:मनेंद्रगढ़ में यूथ कांग्रेस करने वाले थे प्रदर्शन, उससे पहले घर से उठा लाई पुलिस

मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर, मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर जिले में यूथ कांग्रेस प्रदर्शन करने जा रही है। जिला मुख्यालय मनेन्द्रगढ़ में भाजपा कार्यालय के भूमिपूजन कार्यक्रम में आ रहे भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सहित चार कैबिनेट मंत्रियों को कांग्रेस कार्यकर्ता काला झंडा दिखाएंगे।

कांग्रेसियों का कहना है कि जिस भूमि का भूमिपूजन किया जाना है वो आदिवासियों की है। इसलिए वे विरोध कर रहे है। कांग्रेस के विरोध को देखते हुए कांग्रेस जिला प्रवक्ता सौरव मिश्रा, एनएसयूआई जिला अध्यक्ष कासिम अंसारी सहित कार्यकर्ताओं को थाने में बैठाया गया है।

पुलिस का कहना है कि शांति भंग होने की आशंका थी, सभी कांग्रेसियों को पुलिस घर से लेकर सिटी कोतवाली लाई है। वहीं अगल-बगल के थानों से पुलिस बल भी बुलाई गई है।

कांग्रेसियों ने बताया आदिवासियों की जमीन

यूथ कांग्रेस के जिला अध्यक्ष हफीज मेमन ने बताया कि जिस भूमि पर भाजपा जिला कार्यालय का भूमिपूजन होना है, उस पर शहर के गरीब आदिवासी वर्षों से काबिज हैं। यह एक परिवार की पट्टे की भूमि भी है।

मेमन के अनुसार, गरीब परिवार को बेदखल कर भाजपा कार्यालय का निर्माण करना उचित नहीं है, इसलिए कांग्रेस ने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष के आगमन पर काला झंडा दिखाने का निर्णय लिया है।

कांग्रेसी नेताओं ने आरोप लगाया कि भाजपा कार्यालय निर्माण के लिए एक गरीब आदिवासी परिवार का मकान जबरन तोड़ दिया गया है, जिससे परिवार बेघर हो गया। उन्होंने यह भी कहा कि प्रशासनिक संरक्षण में गरीबों की जमीन कब्जाने का प्रयास किया जा रहा है।

कांग्रेसियों ने चेतावनी दी है कि यदि पीड़ित आदिवासी परिवार को तत्काल राहत नहीं मिली और कथित अवैध निर्माण नहीं रुका, तो विरोध प्रदर्शन तेज किया जाएगा।

भाजपा के भूमिपूजन कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव, प्रदेश महामंत्री अखिलेश सोनी, स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल, प्रभारी मंत्री रामविचार नेताम, महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े, विधायक रेणुका सिंह और उदेश्वरी पैकरा सहित शीर्ष नेता मौजूद रहेंगे।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *