25 अप्रैल को अदालत में हाजिर हो राहुल गांधी 

पटना । कांग्रेस नेता और पार्टी के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी की मुश्किलें खत्म होती नहीं दिख रही हैं। पटना के एमपी/एमएलए कोर्ट के विशेष न्यायिक दंडाधिकारी आदिदेव की अदालत ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी को 25 अप्रैल को न्यायालय में उपस्थित होने की तारीख मुकर्रर की है। राहुल गांधी को 12 अप्रैल को अदालत में पेश होना था, लेकिन वे अदालत में बुधवार को उपस्थित नहीं हो सके। इस पर राहुल गांधी के अधिवक्ता अंशुल ने आवेदन देकर अदालत को बताया कि राहुल गांधी को 13 अप्रैल को सूरत की अदालत में जाना है। इस कारण राहुल गांधी बुधवार को अदालत में नहीं आ सके। 25 अप्रैल को राहुल गांधी अदालत में उपस्थित रहने वाले हैं। 
वहीं, राज्यसभा सांसद सुशील मोदी के अधिवक्ता एसडी संजय और प्रिया गुप्ता ने राहुल गांधी का बेल बॉन्ड रदद कर गैर जमानती वारंट जारी करने का आग्रह अदालत से किया। दोनों ओर से बहस सुनने के बाद अदालत ने राहुल गांधी की उपस्थिति के लिए 25 अप्रैल की तारीख तय की है।
राहुल गांधी ने लोकसभा चुनाव के दौरान 19 अप्रैल 2019 में कर्नाटक के कोलार नामक स्थान पर एक जनसभा को संबोधित करते हुए कहा था कि मोदी सरनेम वाले सभी मोदी चोर हैं।‌ भाजपा नेता सुशील मोदी ने इसी बयान पर 2019 में राहुल गांधी पर मानहानि का केस दर्ज करवाया था। सुशील मोदी ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी ने मोदी को चोर कहकर पूरे मोदी समुदाय का अपमान किया है। 

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *