उषा को भारत वापस भेजो… जेडी वेंस ने सोशल मीडिया पर क्या लिखा जो भड़क गए लोग, निशाने पर भारतीय मूल की पत्नी

वॉशिंगटन: अमेरिका के उपराष्ट्रपति जेडी वेंस माइग्रेशन को अमेरिकी ड्रीम की चोरी कहने पर निशाने पर आ गए हैं। वेंस पर दोहरा रवैया और जेनोफोबिक होने के आरोप लगाए जाने लगे और उनकी पत्नी को वापस भेजने की मांग होने लगी। जेडी वेंस की पत्नी उषा वेंस भारतीय मूल की हैं। इसकी शुरुआत वेंस की सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक पोस्ट से हुई, जिसमें अमेरिकी उपराष्ट्रपति ने दावा किया कि बड़े पैमाने पर प्रवासन से अमेरिकी वर्कर्स के मौके छीन लिए जाते हैं। वेंस लगातार प्रवासियों को अमेरिका के लोगों के काम के मौकों के लिए खतरा बताते रहे हैं।

पत्नी को भारत वापस भेजने की मांग

एक यूजर ने वेंस के मैसेज पर पलटवार करते हुए कहा, ‘इसका मतलब है कि आपको उषा, उनके भारतीय परिवार और अपने बाइरेशियल बच्चों को वापस भारत भेजना होगा।’ एक अन्य यूजर ने लिखा, टशायद रिपब्लिकन नॉमिनेशन का एक रास्ता ऐसा भी है जिसमें आपको अपनी पत्नी, उनके परिवार और बच्चों को परेशान नहीं करना पड़ता।ट

यह पहली बार नहीं है जब वेंस ने बड़े पैमाने पर माइग्रेनशन को निशाना बनाया है। हाल ही में न्यूयॉर्क पोस्ट के एक पॉडकास्ट पर वेंस ने कहा था कि ‘अमेरिकियों के लिए उन पड़ोसियों को पसंद करना पूरी तरह से सही और स्वीकार्य है जिनकी जाति (रेस), भाषा या रंग उनके जैसा हो।’ अक्सर राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की बातों को दोहराने वाले वेंस ने बाइडन प्रशासन को एक ऐसे इमिग्रेशन सिस्टम के लिए दोषी ठहराया, जिसने बंटवारे को बढ़ावा दिया।

पत्नी के धर्म पर टिप्पणी से हुआ था विवाद

जब पॉडकास्ट में वेंस से पूछा गया कि क्या ट्रंप प्रशासन ने बिना दस्तावेज वाले सभी प्रवासियों को निर्वासित करने की योजना बनाई है। तो उन्होंने जवाब दिया कि हम जितना हो सके उतने लोगों को निकालने की कोशिश कर रहे हैं। इसके पहले वेंस पिछले महीने विवादों में आए थे, जब उन्होंने कहा कि उन्हें उम्मीद है कि उनकी हिंदू पत्नी उषा वेंस एक दिन उनके ईसाई धर्म को अपना लेंगी।

टर्निंग पॉइंट USA कार्यक्रम में बोलते हुए जेडी वेंस ने कहा था कि उषा उनके साथ चर्च जाती हैं और वह सच में चाहते हैं कि वह एक दिन ईसाई धर्म अपना लें। बाद में विवाद बढ़ने के बाद उन्होंने सफाई दी थी कि उषा का धर्म बदलने का कोई इरादा नहीं है और वह उनकी मान्यताओं का सम्मान करते हैं।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *