आज बस्तर बंद का आहान किया सर्व आदिवासी समाज ने

बस्तर/कांकेर ।  कांकेर जिले के सर्व आदिवासी समाज के पूर्व जिला अध्यक्ष की संदिग्ध मौत के बाद समाज में रोष है। वहीं बस्तर में आज सर्व आदिवासी समाज ने बंद का ऐलान किया है। आदिवासी समाज के इस बंद का बस्तर चैंबर ऑफ कॉमर्स ने भी समर्थन किया है। जगदलपुर, दंतेवाड़ा समेत अन्य जिलों में आपातकालीन सेवाओं के अलावा सभी व्यवसायिक प्रतिष्ठानें बंद रहेंगी।

दरअसल, छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले में सर्व आदिवासी समाज के पूर्व जिला अध्यक्ष और कांग्रेस नेता जीवन ठाकुर की रायपुर सेंट्रल जेल में 4 दिसंबर को संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। फर्जी वन पट्टा बनाने के आरोप में कांकेर पुलिस ने उन्हें 12 अक्टूबर को गिरफ्तार किया था। लेकिन 2 दिसंबर को उन्हें रायपुर सेंट्रल जेल शिफ्ट कर दिया गया।परिजनों का आरोप है कि, बिना किसी सूचना के जीवन ठाकुर को रायपुर जेल ले जाया गया, जहां 2 दिन बाद उनकी मौत हो गई। रायपुर जेल में तबीयत बिगड़ने पर उन्हें मेकाहारा अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां इलाज के दौरान उन्होंने गुरुवार सुबह 8 बजे दम तोड़ दिया। 6 दिसंबर को उनके गृह गांव में अंतिम संस्कार किया गया।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *