IndiGo पर सख्त हुई सरकार,रूट कम करने की तैयारी, टॉप अधिकारियों पर गिरेगी गाज?
नई दिल्ली: देश की सबसे बड़ी एयरलाइन इंडिगो की मुश्किलें बढ़ती दिख रही हैं। टीओआई की एक रिपोर्ट के मुताबिक सरकार इंडिगो की फ्लाइट्स की संख्या में कटौती करने पर विचार कर रही है। सूत्रों के मुताबिक शुरुआत में 5% यानी करीब 110 डेली फ्लाइट्स को कम किया जा सकता है। अगर जरूरत पड़ी तो आने वाले दिनों में इसमें और 5% की कटौती की जा सकती है। यह कटौती उन दूसरी एयरलाइंस को दी जा सकती है जिनके पास अतिरिक्त क्षमता जोड़ने के लिए संसाधन हैं। यह कदम इंडिगो की वजह से उड़ानों में हो रही भारी गड़बड़ी के बाद उठाया जा रहा है।
पिछले करीब एक हफ्ते में इंडिगो की 5,500 से ज्यादा फ्लाइट्स कैंसिल हुई हैं। इससे यात्रियों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ा। यह मामला संसद से लेकर कोर्ट तक पहुंच चुका है। नागरिक उड्डयन मंत्री ने इंडिगो के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की बात कही है। इस बीच इंडिगो ने DGCA को दिए जवाब में अपनी उड़ानों में हुई भारी गड़बड़ी के लिए पांच कारणों को जिम्मेदार ठहराया है। इनमें नए फ्लाइट ड्यूटी टाइम लिमिटेशन (FDTL) नियम और सर्दियों के शेड्यूल में हुए बदलाव शामिल हैं।
