कांग्रेस की रैली में ‘मोदी तेरी कब्र खुदेगी’ का नारा:भाजपा बोली- मुगलों की राह पर कांग्रेस, जल्द दफन होंगे; राहुल कर रहे औरंगजेब जैसा काम

नई दिल्ली, ‘मोदी तेरी कब्र खुदेगी’ के नारों की वजह से कांग्रेस की ‘वोट चोर गद्दी छोड़’ रैली विवादों में आ गई। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने रैली में जाते समय ‘मोदी तेरी कब्र खुदेगी’ के नारे लगाए। यह रैली दिल्ली के रामलीला मैदान में रविवार को हुई।

बीजेपी सांसद सुधांशु त्रिवेदी ने कहा, एक बार फिर कांग्रेस का चरित्र सामने आ गया है। वे मोदी जी की मौत की कामना कर रहे हैं। उनकी मुस्लिम लीग और माओवादी सोच सबके सामने आ गई। मोदी की कब्र खोदने की बात करने वाली पार्टी खुद दफन हो जाएगी। राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस का भी वही हाल होगा जो औरंगजेब के समय मुगलों का हुआ था।

भाजपा सांसद बोले- राहुल औरंगजेब की तरह परिवार की छठी पीढ़ी

राज्यसभा सांसद सुधांशु त्रिवेदी ने कहा, राहुल के नेतृत्व में कांग्रेस का भविष्य शायद वैसा ही होने वाला है जैसा ‘द लास्ट मुगल’ किताब में मुगल साम्राज्य के बारे में लिखा गया है। मुगल साम्राज्य में छह लोगों ने शासन किया – बाबर, हुमायूं, अकबर, जहांगीर, शाहजहां और औरंगजेब। छठी पीढ़ी के शासन के बाद मुगल साम्राज्य खत्म हो गया।

इसी तरह कांग्रेस पर भी नेहरू परिवार के छह लोगों ने शासन किया है- मोतीलाल नेहरू, जवाहरलाल नेहरू, इंदिरा गांधी, राजीव गांधी और सोनिया गांधी। राहुल गांधी छठे हैं जो अभी सत्ता का आनंद ले रहे हैं। इनके बाद कांग्रेस का भी मुगलों जैसा हश्र होगा।

कांग्रेस नेता मंजू लता मीणा ने लगाए नारे

पीएम मोदी के खिलाफ आपत्तिजनक नारे लगाने वाली कांग्रेस नेता मंजू लता मीणा हैं। वे जयपुर महिला कांग्रेस जिला अध्यक्ष भी हैं। उन्होंने कहा कि वे सिर्फ वोट चोरी को लेकर जनता के गुस्से को दिखा रही थीं। वोट में धांधली को लेकर जनता में बहुत गुस्सा है। उन्होंने (BJP) वोट में धांधली करके ये सरकारें बनाई हैं और चुनाव आयोग भी उनके निर्देशों के अनुसार काम कर रहा है।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *