ब्राजील में तेज तूफान में गिरी 24 मीटर ऊंची ‘स्टेच्यू ऑफ लिबर्टी’, पहले झुकी और अगले ही पल चूमने लगी जमीन, वीडियो

ब्रासीलिया: ब्राजील में सोमवाह दोपहर आए एक जबरदस्त तूफान की चपेट में आकर स्टैच्यू ऑफ लिबर्टी की 24 मीटर ऊंची रेप्लिका धराशाई हो गई। स्टैच्यू ऑफ लिबर्टी की यह प्रतिकृति दक्षिणी ब्राजील के गुआइबा शहर में हावन मेगास्टोर (Havan Stores) के बाहर रखी गई थी। घटना का एक वीडियो सामने आया है जिसमें तेज हवाओं के बीच मूर्ति पहले झुकते और फिर गिरते हुए दिखाई दे रही है। गिरने के बाद मूर्ति की सिर टुकड़ों में टूट गया। गुआइबा मेयर मार्सेलो मारानाटा ने मूर्ति के गिरने की पुष्टि की है। स्थानीय अधिकारियों और मूर्ति की मालिक कंपनी के अनुसार, घटना में किसी के घायल होने की खबर नहीं है।

आधार समेत इस रेप्लिका की कुल ऊंचाई लगभग 40 मीटर (114 फीट) थी। हावन स्टोर्स ने ब्राजील भर में अपनी चेन के बाहर कई जगहों पर ऐसी ही संरचना को लगाया है। स्थानीय रिपोर्टों में कंपनी के अधिकारियों के हवाले से बताया गया है कि मूर्ति का केवल ऊपरी हिस्सा गिरने से प्रभावित हुआ, जिसकी ऊंचाई लगभग 24 मीटर थी। 11 मीटर का पेडस्टल अभी भी सुरक्षित है।

सामने आया मूर्ति के गिरने का वीडियो

घटना को एक वीडियो सामने आया है जो सोशल मीडिया पर तेजी से फैल रहा है। वीडियो में दिख रहा है कि जब हवा की रफ्तार तेज हो गई तो मूर्ति धीरे-धीरे आगे की ओर झुकती है और फिर खाली पार्किंग लॉट में जमीन पर गिर जाती है। इस दौरान पास की एक बिजी सड़क पर गाड़ियां चलती रहती हैं। हावन स्टोर्स ने एक बयान में बताया कि 2020 में स्टोर खुलने के बाद से ही मूर्ति वहां पर थी और उनके पास जरूरी टेक्निकल सर्टिफिकेशन था। कंपनी ने कहा कि ग्राहकों और स्टाफ की सुरक्षा के लिए इलाके को तुरंत घेर लिया गया और मलबा हटाने के लिए विशेषज्ञ टीमों को भेजा गया।गुआइबा के मेयर मार्सेलो मारानाटा ने कहा कि घटना में कोई हताहत नहीं हुआ है। उन्होंने मौके पर तत्काल कार्रवाई की तारीफ की। मौसम अधिकारियों ने बताया कि सोमवार को घटना के दौरान इलाके में 90 किलोमीटर प्रति घंटे से ज्यादा की हवा की रफ्तार रिकॉर्ड की गई। राज्य के सिविल डिफेंस ने पहले ही मेट्रोपॉलिटन इलाके के लिए खराब मौसम की चेतावनी जारी की थी, जिसमें मोबाइल फोन पर सीधे भेजे गए आपातकालीन संदेश के जरिए निवासियों को तेज हवाओं और भारी बारिश के खतरे के बारे में अलर्ट किया गया था।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *