एंटी फॉग डिवाइस बेअसर…:कोहरे के चलते दिल्ली रूट से आने वाली ट्रेनें 7 घंटे तक लेट

दिल्ली तरफ और उत्तर भारत में घने कोहरे और खराब मौसम का असर लगातार दूसरे दिन मंगलवार को भी रेल यातायात पर देखने मिला। दिल्ली की ओर से भोपाल आने वाली कई ट्रेनें घंटों की देरी से पहुंचीं। सबसे ज्यादा असर लंबी दूरी की ट्रेनों पर पड़ा, जिनमें कुछ ट्रेनें 6 से 7 घंटे तक लेट रहीं। इससे यात्रियों को स्टेशन पर लंबा इंतजार करना पड़ा।

रेल अधिकारियों के अनुसार, कोहरे के कारण विजिबिलिटी कम हो गई है। हालांकि, ट्रेनों में एंटी फॉग डिवाइस लगाए गए हैं, लेकिन उनका असर उतना कारगर नहीं हो पा रहा है, जितना अपेक्षित था। इसी वजह से ट्रेनों की गति कम रखनी पड़ रही है, जिससे देरी बढ़ रही है।

भोपाल रेलवे स्टेशन पर मंगलवार को दिल्ली की दिशा से आने वाली ट्रेनों में सबसे कम देरी शताब्दी एक्सप्रेस की रही, जो करीब आधा घंटा लेट पहुंची। वहीं, केरल एक्सप्रेस सबसे ज्यादा प्रभावित रही और यह ट्रेन 6 घंटे 45 मिनट की देरी से भोपाल पहुंची। कई एक्सप्रेस और मेल भी 2 से 5 घंटे की देरी से आईं।

रेलवे का कहना है कि यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए ट्रेनों को नियंत्रित रफ्तार से चलाया जा रहा है। मौसम साफ होते ही ट्रेन संचालन सामान्य होने की उम्मीद जताई जा रही है। यात्रियों को सलाह दी गई है कि यात्रा से पहले ट्रेन की स्थिति की जानकारी जरूर लें।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *