जिलाध्यक्षों की नियुक्ति के 122 दिन बाद घोषणा:मप्र कांग्रेस ने 780 ब्लॉक में अध्यक्षों की नियुक्ति की

मप्र कांग्रेस ने आखिरकार 1100 में से 780 ब्लॉक के अध्यक्षों की नियुक्ति कर दी है। मंगलवार देर रात मप्र कांग्रेस के अध्यक्ष जीतू पटवारी ने ब्लॉक अध्यक्षों की सूची जारी की। 780 में करीब 325 उप-ब्लॉक भी शामिल हैं। कांग्रेस यह सूची पहले संगठन सृजन के तहत पचमढ़ी में हुए प्रशिक्षण वर्ग से पहले जारी करने वाली थी, लेकिन विवाद से बचने के लिए इसे रोक लिया।

अब जिलाध्यक्षों की नियुक्ति के 122 दिन बाद जाकर यह सूची जारी की गई। लेकिन देरी से आई इस सूची में औसत आयु 50 वर्ष से नीचे रखी गई। लगभग 60 फीसदी से अधिक ब्लॉक अध्यक्ष 35 से 45 आयु वर्ग के हैं। करीब 80 फीसदी ब्लॉक अध्यक्ष नए बनाए गए हैं। जिन 20 फीसदी को रिपीट किया है, उनमें भी युवा वर्ग के अधिक हैं।

कांग्रेस ने इस सूची के जरिए युवा वर्ग को ब्लॉक स्तर पर नेतृत्व देने की पहल की है। बता दें कि मप्र में कांग्रेस के अभी 71 संगठनात्मक जिले और 1100 संगठनात्मक ब्लॉक व उप ब्लॉक अध्यक्ष के पद हैं।

जिला कार्यकारिणी होगी छोटी, 3 फार्मेट तय किए

कांग्रेस संगठन ब्लॉक अध्यक्ष के बाद अब जिलों में कार्यकारिणी बनाने पर काम करेगा। लेकिन इस बार कार्यकारिणी छोटी रखी जाएगी। इसके लिए इस बार तीन फार्मेट तय किए हैं। पहला उन जिलों के लिए जिनमें 1 से 2 विधानसभा हैं में 50 से 55 पदाधिकारी नियुक्त किए जाएंगे।

दूसरे नंबर पर वे जिले, जिनमें 3 से 4 विधानसभा है में 70 से 80 पदाधिकारी वाली कार्यकारिणी बनेगी। जबकि 4 से अधिक विधानसभा वाले जिलों में अधिकतम 110 पदा​धिकारियों वाली कार्यकारिणी बनाने के निर्देश दिए गए हैं।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *