अंबिकापुर में GST की बड़ी छापेमारी, व्यापारियों में हड़कंप…
अंबिकापुर। अंबिकापुर में बुधवार को सेंट्रल जीएसटी (CGST) विभाग ने बड़ी छापेमार कार्रवाई की। शहर के एमजी रोड स्थित नवीन इंजीनियरिंग संस्थान में रायपुर से पहुंची CGST टीम ने अचानक दबिश दी और 12 घंटे से अधिक समय तक दस्तावेजों, मशीनों और डिजिटल रिकॉर्ड की गहन जांच की। यह कार्रवाई गुरुवार को भी जारी रही, जिससे शहर के व्यापारिक वर्ग में हड़कंप मच गया है।
जानकारी के अनुसार, टीम ने संस्थान में मौजूद बिल, वाउचर, लेखा दस्तावेज, जीएसटी रिटर्न और बैंकिंग लेन-देन से जुड़े रिकॉर्ड की जांच की। इसके साथ ही कंप्यूटर, हार्ड डिस्क सहित अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण जब्त कर डिजिटल डेटा का परीक्षण किया गया। जांच के दौरान स्टॉक रजिस्टर, खरीद-बिक्री के रिकॉर्ड और मशीनों के उत्पादन से जुड़े तकनीकी दस्तावेजों का भी मिलान किया गया।
गौरतलब है कि बीते कुछ समय से अंबिकापुर और आसपास के क्षेत्रों में जीएसटी विभाग द्वारा लगातार जांच और कार्रवाई की जा रही है। इससे व्यापारिक प्रतिष्ठानों में सतर्कता बढ़ी है और टैक्स अनुपालन को लेकर जागरूकता भी बढ़ी है। फिलहाल नवीन इंजीनियरिंग संस्थान में CGST की जांच दूसरे दिन भी जारी है। विभाग का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही इस मामले में आधिकारिक बयान जारी किया जाएगा।
