खेलों से धैर्य और संजीदगी से कार्य करने की प्रेरणा मिलती है : उप मुख्यमंत्री शुक्ल

उप मुख्यमंत्री श्री राजेन्द्र शुक्ल ने कहा कि खेलों से धैर्य और संजीदगी से कार्य करने की प्रेरणा मिलती है। खेल के मैदान की खेल भावना जीवन के हर क्षेत्र में आगे बढ़ने का मार्ग प्रशस्त करती है। श्री शुक्ल ने पशु चिकित्सा महाविद्यालय रीवा में 18वीं वार्षिक इंटरक्लास खेल प्रतियोगिता का शुभारंभ किया। उन्होंने खिलाड़ियों को शपथ दिलाकर तथा मशाल प्रज्जवलित का प्रतियोगिता का शुभारंभ किया।
पशु चिकित्सा महाविद्यालय परिसर में आयोजित कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री ने कहा कि खेल हमें अंतरिक शक्ति देते हैं तथा खेल के मैदान से मिली सीख हमारे व्यक्तित्व को निखारती है। उन्होंने कहा कि खेलों में भाग लेने वाले प्रतिभागी हारने वाले को भी बधाई देकर आगे बढ़ने की कामना करता है। खेल के मैदान में मानव के अवगुण जैसे ईष्र्या, द्वेष व जलन खेल भावना के कारण दूर हो जाती है और सभी खिलाड़ी आपस में भाईचारे के साथ खेलों में भाग लेते हैं। उप मुख्ममंत्री ने कहा कि मनुष्य का जीवन पशुधन के बिना अधूरा है। पशु चिकित्सा महाविद्यालय के छात्र पढ़ाई के साथ-साथ खेल व अन्य गतिविधियों में बढ़ चढ़कर हिस्सा लेते हैं यह प्रशंसनीय है। उन्होंने विद्यार्थियों के उज्जवल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि वह हर क्षेत्र में आगे बढ़े और विकसित भारत के निर्माण में सहभागी बनें।
इससे पूर्व पशु चिकित्सा विश्वविद्यालय के कुलगुरू मनदीप शर्मा ने स्वागत उद्बोधन में कहा कि उप मुख्यमंत्री जी के प्रयासों से ही रीवा ने हर क्षेत्र में प्रगति की है। उन्होंने कहा कि खेलों से हमें अनुशासन और टीम भावना की सीख मिलती है। खेलों में भाग लेना जरूरी है हार और जीत खेल के हिस्से हैं। प्रतियोगिता में खिलाड़ियों ने शानदार मार्च पास्ट की प्रस्तुति दी घुड़सवार छात्रों ने घुडसवारी का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। इस अवसर पर अध्यक्ष नगर निगम व्यंकटेश पाण्डेय, राष्ट्रीय अध्यक्ष विद्यार्थी परिषद डॉ. रघुराज तिवारी, पूर्व डीन एसपी शुक्ल, प्राचार्य डॉ. अजीत सिंह, डॉ. राजेश मिश्रा, डॉ. मानसी शुक्ला, रामकिंकर मिश्रा, एस.के. पाण्डेय, सहित प्राध्यापकगण, विद्यार्थी तथा आमजन उपस्थित रहे।
Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *