गाजियाबाद में एनएच-9 पर भीषण सड़क हादसा, आमने-सामने भिड़ीं बाइकें, दो युवकों की मौत

गाजियाबाद: दिल्ली से सटे गाजियाबाद में रविवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे ने दो परिवारों की खुशियां छीन लीं। एनएच-9 की सर्विस लेन पर आमने-सामने हुई दो बाइकों की टक्कर में दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक महिला समेत दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। एक युवक को मामूली चोटें आई हैं।

देर रात हुआ हादसा

यह दुर्घटना रविवार रात करीब 12 बजे वेव सिटी थाना क्षेत्र में तनुश्री फार्म के पास, महागुन सोसायटी से कुछ दूरी पर हुई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों बाइकों पर सवार लोग सड़क पर जा गिरे।

गलत दिशा से आई बाइक बनी हादसे की वजह

जानकारी के अनुसार डासना निवासी राशुद्दीन अपनी स्प्लेंडर बाइक से घर लौट रहे थे। उनके साथ खोड़ा निवासी महिला बेबी भी सवार थीं। तभी सामने से गलत दिशा में तेज रफ्तार से आ रही अवेंजर बाइक ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। अवेंजर बाइक पर अमन, विपिन और प्रेम सवार थे।

अस्पताल में दो युवकों को मृत घोषित

हादसे के बाद आसपास मौजूद लोगों ने पुलिस को सूचना दी और घायलों को अस्पताल पहुंचाने में मदद की। सभी घायलों को मणिपाल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने राशुद्दीन और अमन को मृत घोषित कर दिया। महिला बेबी और विपिन गंभीर रूप से घायल हैं, जिनका इलाज चल रहा है। दोनों की हालत नाजुक बताई जा रही है। वहीं प्रेम को मामूली चोटें आई हैं।बताया जा रहा है कि अवेंजर बाइक सवार अमन और विपिन गोल्फ लिंक स्थित एक क्लब में काम करते थे और मूल रूप से नेपाल के निवासी हैं। हादसे की खबर मिलते ही उनके परिचित अस्पताल पहुंच गए।

पुलिस जांच में जुटी

पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। एसीपी कविनगर सूर्यबली मौर्य ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। तहरीर मिलने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *