अवैध गैस रिफिलिंग का भंडाफोड़, छह कैप्सूल ट्रक और सैकड़ों सिलेंडर जब्त

महासमुंद । प्रशासन ने जिले के ग्राम चिवराकुटा में अवैध रूप से चल रहे गैस सिलेंडर रिफिलिंग कारोबार का खुलासा करते हुए बड़ी कार्रवाई की है। सरायपाली एसडीएम अनुपमा आनंद के नेतृत्व में की गई इस कार्रवाई में छह कैप्सूल ट्रक, सैकड़ों गैस सिलेंडर टंकियां और रिफिलिंग में उपयोग किए जा रहे उपकरण जब्त किए गए हैं।प्रशासन के अनुसार यह पूरा कारोबार बिना किसी वैध अनुमति और सुरक्षा मानकों के संचालित किया जा रहा था, जिससे किसी भी समय बड़ा हादसा हो सकता था। बताया गया कि एसडीएम अनुपमा आनंद अपनी टीम के साथ बीती रात अवैध धान परिवहन की जांच के लिए निरीक्षण पर निकली थीं। इसी दौरान ग्राम चिवराकुटा के पास जंगल मार्ग से गुजर रहा एक इंडेन गैस का कैप्सूल ट्रक संदिग्ध अवस्था में नजर आया। शक होने पर टीम ने ट्रक का पीछा किया, जो राष्ट्रीय राजमार्ग के पास स्थित एक गोदाम में पहुंचा। वहां छह कैप्सूल ट्रकों से गैस सिलेंडरों में खुलेआम रिफिलिंग की जा रही थी।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मौके पर किसी भी प्रकार की सुरक्षा व्यवस्था नहीं थी। इससे आसपास के ग्रामीण इलाकों, पशुधन और वन क्षेत्र को गंभीर खतरा बना हुआ था। इस अवैध गतिविधि में किसी गैस एजेंसी की संलिप्तता की भी आशंका जताई जा रही है। प्रशासन अब यह जांच कर रहा है कि गोदाम की भूमि किसके नाम पर दर्ज है और इस अवैध कारोबार का संचालन कौन कर रहा था। आगे की कार्रवाई जारी है।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *