जापान में नए साल की पूर्व संध्या पर आया शक्तिशाली भूकंप, 6.0 रही तीव्रता

टोक्यो: नए साल की पूर्व संध्या पर जापान के नोडा क्षेत्र में तट से दूर 6.0 तीव्रता का शक्तिशाली भूकंप आया। अमेरिकी भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण (USGS) ने इसकी जानकारी दी है। USGS ने बताया कि भूकंप समुद्र में आया था और तत्काल जान-माल के नुकसान की कोई खबर नहीं थी। रिपोर्ट के अनुसार, भूकंप का केंद्र 19.3 किमी की गहराई पर था। अधिकारी किसी भी असर के लिए स्थिति पर नजर रख रहे थे। यह भूकंप 8 दिसम्बर को समुद्र में आए 7.5 तीव्रता के शक्तिशाली भूकंप के कुछ सप्ताह बाद आया है।

एक महीने के अंदर दूसरा भूकंप

8 दिसम्बर को आए भूकंप में कम से कम 30 लोग घायल हो गए थे और लगभग 90000 लोगों को इलाका खाली करना पड़ा था। उस भूकंप के बाद जापान की मौसम विज्ञान एजेंसी ने देश के उत्तर पूर्वी तट पर 3 मीटर तक की सुनामी की चेतावनी दी थी। होक्काइडो, आओमोरी और इवाते प्रांतों के लिए सुनामी की चेतावनी जारी की गई थी। कई बंदरगाहों पर 20 से 70 सेंटीमीटर तक लहरें रिकॉर्ड की गईं।

जापान भूकंप के लिए संवेदनशील

जापान भूकंप के लिए सबसे संवेदनशील देशों में से एक है, जहां हर पांच मिनट में कम से कम एक झटका आता है। जापान ज्वालामुखियों और समुद्री खाइयों के रिंग ऑफ फायर में स्थित है जो प्रशांत बेसिन को आंशिक रूप से घेरे हुए हैं। दुनिया में 6.0 या उससे ज्यादा तीव्रता के आने वाले भूकंपों में लगभग 20% अकेले जापान में आते हैं।

जापान ने 11 मार्च 2011 को देश के सबसे घातक भूकंपों में से एक का सामना किया। उस दौरान उत्तरी शहर सेंडाई के तट से दूर समुद्र के नीचे 9.0 तीव्रता का भूकंप आया था, जो जापान में अब तक का सबसे शक्तिशाली भूकंप था। इसने एक बड़ी सुनामी को पैदा किया जिसने प्रशांत तटरेखा के एक बड़े हिस्से को तबाह कर दिया। भूकंप के बाद आई सुनामी ने जापान में लगभग 20000 लोगों की जान ले ली।
Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *