अमिताभ बच्चन के लिए बेकाबू फैंस ने तोड़ दिया बंगले का कांच, भारी भीड़ से घिरे बिग बी का बुरा हाल

अमिताभ बच्चन हाल ही इंडियन स्ट्रीट प्रीमियर लीग का उद्घाटन करने सूरत पहुंचे थे। वहां जब वह एयरपोर्ट से निकलकर सूरत के एक बड़े बिजनेसमैन के घर जाने लगे, तो फैंस के भारी हुजूम ने उन्हें बुरी तरह घेर लिया। फैंस अमिताभ बच्चन की एक झलक पाने को बेकाबू हो गए और बिजनेसमैन के बंगले का कांच तक तोड़ दिया। सोशल मीडिया पर वीडियो भी सामने आया है, जिसमें फैंस की हरकत और अमिताभ की हालत देख यूजर्स भड़क गए।

सूरत में 9 जनवरी से इंडियन स्ट्रीट प्रीमियर लीग (ISPL) का तीसरा सीजन शुरू हुआ और उद्घाटन के लिए अमिताभ बच्चन दोपहर को वहां पहुंच गए थे। सामने आए वीडियो में अमिताभ एक बिल्डिंग में नजर आ रहे हैं और चारों और भारी भीड़ है। पुलिस भीड़ से अमिताभ को बचाती और रास्ता दिलाने की कोशिश करती दिख रही है। हालात एकदम धक्कामुक्की वाले बन गए थे।

अमिताभ बच्चन को देख फैंस पर भड़के यूजर्स- उन्हें अकेला छोड़ दो, इंसान हैं वो भी

इतनी भारी भीड़ को अमिताभ बच्चन को घेरते देख यूजर्स भड़क गए। वीडियो देख एक यूजर ने लिखा, ‘उन्हें प्लीज अकेला छोड़ दो। वो 83 साल के हैं।’ एक ने कमेंट किया, ‘आप लोग उनके पीछे क्यों पड़े हो? वो एक्टर होने के साथ-साथ इंसान भी हैं।’ एक यूजर बोला, ‘प्लीज ऐसा मत करो। ये बहुत भयानक है।’ एक का कमेंट है, ‘एक बुजुर्ग को इस तरह से घेरना और मॉब करना गलत है। प्लीज उन्हें छोड़ दो और दूसरे तस्वीरें खींचो।’

अमिताभ जैसा ही इन सेलेब्स का हुआ हाल, भीड़ के बीच फंसे

जैसा अमिताभ का हाल हुआ, कुछ वैसा ही हाल विराट कोहली के साथ तब देखने को मिला था, जब वह गुजरात के वडोदरा स्टेडियम गए थे। इसका वीडियो भी सामने आया था, जिसमें सुरक्षाकर्मी बड़ी मुश्किल से विराट कोहली को उनकी कार तक ले जाते दिखे थे। सेलिब्रिटीज को अकसर इस तरह की घटनाओं से दो-चार होना पड़ता है। ऐसी स्थिति में हादसे भी हुए हैं।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *