उत्तर की बर्फीली हवाओं से ठिठुर रहा मध्य प्रदेश; ज्यादातर शहरों में 10 डिग्री से कम रहेगा पारा

भोपाल: प्रदेश में कड़ाके की ठंड का जलवा बरकरार है। अधिकतर शहरों में रात का तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से कम पर बना हुआ है। शुक्रवार को प्रदेश में रात का सबसे कम 3.4 डिग्री सेल्सियस तापमान खजुराहो में दर्ज किया गया। खजुराहो, दतिया एवं शिवपुरी में शीतलहर का प्रभाव रहा।

ग्वालियर में अति घना कोहरा रहा। खजुराहो और दतिया में घना कोहरा छाया रहा। दतिया में शीतल दिन भी रहा। मौसम विज्ञानियों के मुताबिक शनिवार-रविवार को भी मौसम का मिजाज इसी तरह बने रहने के आसार हैं। यानी अधिकतर शहरों का रात का तापमान दस डिग्री सेल्सियस से कम रहेगा।

मौसम विज्ञान केंद्र से मिली जानकारी के मुताबिक वर्तमान में एक पश्चिमी विक्षोभ उत्तरी पाकिस्तान और उससे लगे पंजाब पर हवा के ऊपरी भाग में चक्रवात के रूप में बना हुआ है। हरियाणा पर भी हवा के ऊपरी भाग में एक चक्रवात बना हुआ है। इसके अतिरिक्त उत्तर-पश्चिम भारत पर 12.6 किलोमीटर की ऊंचाई पर 241 किमी. प्रति घंटा की रफ्तार से जेट स्ट्रीम हवाएं चल रही हैं।

मौसम विशेषज्ञ अजय शुक्ला ने बताया कि लगातार सर्द हवाएं चलने के कारण प्रदेश में कड़ाके की ठंड बरकरार है। प्रदेश के उत्तरी क्षेत्र में घना कोहरा छा रहा है। इस तरह की स्थिति अभी दो-तीन दिन तक बनी रह सकती है। पश्चिमी विक्षोभ के आगे बढ़ने के बाद रात के तापमान में कुछ और गिरावट आने की भी संभावना है।

ग्वालियर अंचल में कड़ाके की ठंड

ग्वालियर अंचल में कड़ाके की ठंड ने जनजीवन को पूरी तरह से ”फ्रीज” कर दिया है। अंचल में शुक्रवार को शीत लहर की स्थिति बन गई। अब यदि रात के तापमान में गिरावट होती है तो शीतलहर की स्थिति होगी। हिमालयी क्षेत्रों में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ और वहां हो रहे भारी हिमपात का सीधा असर ग्वालियर-चंबल अंचल में दिखाई दे रहा है।

यही वजह रही कि न्यूनतम तापमान सीजन में पहली बार पांच डिसे पर आ गया। मौसम विभाग का अनुमान है कि मकर संक्रांति तक राहत की कोई उम्मीद नहीं है। हिमालय क्षेत्र में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से अंचल में बूंदाबांदी भी हो सकती है।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *