प्रदेश के मौसम पर पड़ेगा दो नए पश्चिमी विक्षोभों का असर, ठंड से मिलेगी थोड़ी राहत; 8 जिलों में कोहरे का अलर्ट

भोपाल: मध्य प्रदेश में सोमवार को मौसम शुष्क बना रहा। प्रदेश में दिन के तापमान में हल्की बढ़ोतरी दर्ज की गई, जबकि रात की ठंड अब भी असर दिखा रही है। सबसे अधिक 31.8 डिग्री सेल्सियस तापमान मंडला में रिकॉर्ड किया गया, वहीं सबसे कम 7.3 डिग्री सेल्सियस तापमान कटनी जिले के करौंदी में दर्ज हुआ। सोमवार सुबह ग्वालियर जिले में हल्का कोहरा देखने को मिला।

मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार वर्तमान में पश्चिमी विक्षोभ उत्तर पाकिस्तान और उसके आसपास हवा के ऊपरी भाग में चक्रवात के रूप में सक्रिय है। इसके प्रभाव से मध्य राजस्थान पर प्रेरित चक्रवात बना हुआ है। उत्तर-पश्चिमी उत्तर प्रदेश में भी ऊपरी हवा में चक्रवातीय परिसंचरण सक्रिय है। वहीं, पूर्वोत्तर भारत के ऊपर 12.6 किलोमीटर की ऊंचाई पर 270 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से जेट स्ट्रीम हवाएं चल रही हैं।

दो नए पश्चिमी वक्षोभ होंगे सक्रिय

मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि बुधवार से उत्तर-पश्चिमी भारत में दो नए पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने जा रहे हैं। इन मौसम प्रणालियों के प्रभाव से मध्य प्रदेश के कई हिस्सों में आंशिक बादल छाने की संभावना है। बादलों की मौजूदगी के कारण रात के तापमान में बढ़ोतरी हो सकती है, जिससे ठंड से राहत की उम्मीद है।

8 जिलों में कोहरे का अलर्ट

मौसम विभाग के अनुसार फिलहाल बारिश के कोई आसार नहीं हैं, लेकिन बादलों की आवाजाही से ठंड का असर धीरे-धीरे कम हो सकता है। अगले 24 घंटों के दौरान ग्वालियर, दतिया, भिंड, सतना, पन्ना, छतरपुर, टीकमगढ़, निवाड़ी जिलों में मध्यम कोहरा रहने की संभावना है।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *