हॉलीवुड को बड़ा झटका! ‘श‍िट्स क्रीक’ फेम कैथरीन ओ’हारा का निधन, अचानक बिगड़ी थी तबीयत

हॉलीवुड से एक बेहद दुखद खबर आई है। शुक्रवार को अमेरिकी एक्‍ट्रेस, कॉमेड‍ियन और स्‍क्रीनराइटर कैथरीन ओ’हारा का निधन हो गया है। वह 71 साल की थीं। अपने 50 साल से अध‍िक के करियर में उन्‍होंने दो प्राइमटाइम एमी अवॉर्ड, एक गोल्‍डन ग्‍लोब अवॉर्ड और दो स्‍क्रीन एक्‍टर्स गिल्‍ड अवॉर्ड जीते थे। साल 2017 में ‘ऑर्डर ऑफ कनाडा’ से सम्‍मानित कैथरीन को ‘श‍िट्स क्रीक’ में उनके किरदार के लिए सबसे अध‍िक पहचाना जाता है। बताया जाता है कि 30 जनवरी की सुबह उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई। उन्‍हें गंभीर हालत में अस्‍पताल में भर्ती किया गया, जहां उनकी मौत हो गई।

लॉस एंजिल्स के फायर डिपार्टमेंट की ओर जारी बयान के मुताबिक, इमरजेंसी अधिकारियों को 30 जनवरी की सुबह 4:48 बजे एक फोन कॉल आया। इसमें बताया गया कि कैथरीन ओ’हारा की तबीयत गंभीर है और वह लॉस एंजिल्स वाले घर में हैं। उन्हें ‘गंभीर हालत’ में अस्पताल ले जाया गया और उसी दिन बाद में उनकी मौत हो गई।

एक्‍ट्रेस ने किया था कार्डियक इन्वर्सस को लेकर खुलासा

क्रिएटिव आर्टिस्ट्स एजेंसी ने निधन की पुष्टि करते हुए बताया कि एक्‍ट्रेस की मौत ‘उम्र संबंधी छोटी बीमारी’ के बाद हुई। हालांकि, बीमारी क्‍या थी, इसको लेकर कोई आध‍िकारिक जानकारी नहीं आई है। हालांकि, अपनी मौत से पहले, ‘शिट्स क्रीक’ की एक्ट्रेस ने कार्डियक इन्वर्सस, जिसे डेक्सट्रोकार्डिया विद साइटस इन्वर्सस भी कहा जाता है, के बारे में खुलासा किया था। यह एक तरह की दुर्लभ जन्मजात स्थिति है, जिसमें दिल और दूसरे अंदरूनी अंग शरीर के दूसरी तरफ होते हैं।

कैथरीन ओ’हारा की फैमिली

कैथरीन ओ’हारा के परिवार में उनके पति बो वेल्च, और उनके दो बेटे, मैथ्यू वेल्च (32) और ल्यूक वेल्च (28) हैं। बीते साल मार्च महीने में ‘वैरायटी’ के साथ एक इंटरव्यू में कैथरीन ओ’हारा ने बताया कि कैसे उनकी सेहत और परवरिश ने कॉमेडी में उनके नजरिए और करियर को आकार दिया। उन्होंने कहा था, ‘इससे बेहतर सर्वाइवल इंस्टिंक्ट और कुछ नहीं है। एक कॉमेडियन के तौर पर मेरा काम ‘रोशनी (उम्‍मीद) ढूंढना’ है।

कैथरीन ओ’हारा का बचपन

कैथरीन ओ’हारा का जन्म 4 मार्च, 1954 को टोरंटो में हुआ था। उनका परिवार कैथोलिक आयरिश है। वह अपने माता-पिता के सात बच्चों में से छठी संतान थीं। म्यूजिशियन और एक्ट्रेस मैरी मार्गरेट ओ’हारा उनकी बड़ी बहन थीं। कैथरीन ने 1974 में बर्नहैमथॉर्प कॉलेजिएट इंस्टीट्यूट से ग्रेजुएशन किया। कैथरीन ने एक इंटरव्‍यू में अपने सेंस ऑफ ह्यूमर का श्रेय परिवार को दिया था। उन्होंने कहा, ‘मेरे माता-पिता दोनों बहुत मजाकिया थे और सेंस ऑफ ह्यूमर की हमेशा तारीफ की जाती थी। हमारे घर डायनिंग टेबल पर हंसने और मजाकिया अंदाज को बहुत बढ़ावा दिया जाता था।’

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *