भारत से अगर नहीं खेला मैच तो क्या एक्शन ले सकता है ICC? बर्बाद हो जाएगा पाकिस्तान क्रिकेट
नई दिल्ली: पाकिस्तान की सरकार ने फैसला किया है कि टी20 वर्ल्ड कप 2026 में वह भारत के साथ होने वाले मैच का बॉयकॉट करेंगे। यानी मौजूदा समय में पाकिस्तान का यह स्टैंड है कि वे भारत के खिलाफ 15 फरवरी को होने वाले मैच में नहीं उतरेंगे। अगर पाकिस्तान आगे भी अपने इस स्टैंड पर बने रहता है और भारत के खिलाफ नहीं खेलता है तो उनके खिलाफ आईसीसी बड़े एक्शन ले सकती है, जिससे पाकिस्तान क्रिकेट का भारी नुकसान हो सकता है।
क्या-क्या एक्शन ले सकती है आईसीसी?
रिपोर्ट्स के मुताबिक, आईसीसी को अब तक पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने आधिकारिक रूप से भारत के खिलाफ खेलने के लिए मना नहीं किया है। हालांकि, पीसीबी से इस मामले में ऑफीशियल मेल मिलने के बाद आईसीसी कुछ बड़े एक्शन पाकिस्तान के खिलाफ ले सकती है।पीटीआई की एक रिपोर्ट के मुताबिक, पाकिस्तान को टूर्नामेंट से बाहर भी किया जा सकता है। राजस्व संबंधी बैन लग सकता है। आईसीसी एक्टिव विदशी प्लेयर्स को पाकिस्तान सुपर लीग के लिए एनओसी देने से मना कर सकता है। इसका असर आईसीसी रैंकिंग्स और डब्ल्यूटीसी पॉइंट्स पर भी पड़ सकता है।
पाकिस्तान ने की अपनी जर्सी रिवील
आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप के लिए बीते 1 फरवरी को ही पाकिस्तान ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ तीसरे टी20 के दौरान वर्ल्ड कप के लिए अपनी जर्सी भी रिवील कर दी है। बता दें कि पाकिस्तान और ऑस्ट्रेलिया के बीच तीन मैच की टी20 सीरीज खेली जा रही थी। जो पाकिस्तान ने 3-0 से अपने नाम कर ली है।
पाकिस्तान क्यों कर रहा है ड्रामा?
दरअसल, पाकिस्तान यह सब ड्रामा बांग्लादेश की आड़ में कर रहा है। बांग्लादेश ने टी20 वर्ल्ड कप 2026 के लिए सुरक्षा कारणों के चलते भारत आने से मना कर दिया था। बांग्लादेश का यह फैसला आईपीएल से मुस्तफिजुर रहमान को रिलीज करने के बाद आया था। बांग्लादेश ने आईसीसी से उनके मैच भारत से बाहर करवाने की मांग की थी।हालांकि, बांग्लादेश की इस बात को आईसीसी ने नहीं माना और डेडलाइन के साथ उन्हें अपना फैसला बदलने को कहा। लेकिन, बांग्लादेश नहीं माना। ऐसे में आईसीसी ने बांग्लादेश को टी20 वर्ल्ड कप में स्कॉटलैंड से रिप्लेस कर दिया। इस पूरे मामले के बाद अब पाकिस्तान बांग्लादेश के समर्थन में यह सब कर रहा है। पाकिस्तान ने इस मुद्दे में बांग्लादेश को खुलकर सपोर्ट किया।
